सूदखोरी करने वाली दबंग महिला गिरफ्तार,फर्जी दस्तावेज बनवाकर ज्यादा पैसा मांगने का मामला
सरगुजा : कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सूदखोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जिसमें एक महिला को 18 फीसदी सालाना ब्याज पर रकम दी गई थी.लेकिन उससे 10 फीसदी मासिक दर पर पैसों की वसूली की गई.यही नहीं फर्जी तरीके से अनुबंध पत्र बनाकर उसमें 30 लाख रुपए कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं इस प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
10 फीसदी मासिक ब्याज पर वसूली : गोधनपुर नवापारा निवासी अलका सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी पहचान की महिला अनुपमा सिंह से उधार में 13 लाख रुपए 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर पर लिए थे. उसमें से वह 11 लाख 82 हजार रुपए वापस भी कर चुकी है. रुपए लेने के बाद अब महिला और उसके साथी 10 प्रतिशत मासिक ब्याज की दर पर अलका सिंह से 18 लाख रुपए मांग कर रहे हैं.पैसे नहीं देने के एवज में अलका के साथ गाली गलौज की जा रही है.साथ ही साथ उसे प्रताड़ित किया जा रहा है. सूदखोरी का मामला सामने आने के बाद गांधीनगर पुलिस अब जांच में जुटी .
फर्जी अनुबंध पत्र पेश किया : जांच के दौरान ये बात सामने आई कि महिला अनुपमा सिंह ने खुद के 6 लाख, अनुज सिंह से 4 लाख, पंकज चौधरी से 10 लाख रुपए, भक्कू राम मुंडा से 3 लाख और अन्य से 3 लाख रुपए मिलाकर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर देकर अवैध लाभ अर्जित करने की योजना बनाई. इसी योजना के तहत महिला आरोपी ने अलका सिंह को ब्याज पर 13 लाख रुपए दिए. पुलिस के अनुसार जब इस मामले में आरोपिया अनुपमा सिंह से पूछताछ की गई तो उसने बचने के लिए एक अनुबंध पत्र पेश किया और बताया कि महिला ने 30 लाख रुपए लिए थे.
अनुबंध पत्र निकला फर्जी : ऐसे में पुलिस ने आरोपी के बयान की पुष्टि करने के साथ ही मामले की जांच की.जिसमें महिला आरोपी अनुपमा सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर 3 कोरे चेक पर हस्ताक्षर लिए थे. इतना ही नहीं उन्होंने महिला के पति का एसबीआई, सेंट्रल बैंक के चेक से 10-10 लाख रुपए का रकम भरकर फर्जी तरीके से 50 रुपए के स्टाम्प पर अनुबंध पत्र तैयार कर लिया.
आरोपियों ने कोरा चेक लेकर उसमें मनमानी रकम भरकर अलका सिंह की गैर मौजूदगी में पंकज चौधरी से फर्जी दस्तावेज तैयार करवाया.इसके बाद न्यायालय में अवैध लाभ लेने के लिए परिवाद दायर करने की बात भी स्वीकार की. पुलिस ने आरोपियों से घटना में इस्तेमाल मोबाइल, स्टांप पेपर जब्त किया है जबकि पंकज चौधरी ने फर्जी स्टाम्प लिखना स्वीकार किया है. प्रकरण में फरार आरोपी की तलाश जारी है – राहुल बंसल, सीएसपी
महिला से अवैध रूप से ब्याज की उगाही करने और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर गलत तरीके से लाभ लेने के मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत पटपरिया निवासी अनुपमा सिंह, दर्रीपारा निवासी पंकज चौधरी, भक्कू राम मुंडा, मायापुर निवासी अनुज सिंह को गिरफ्तार किया गया है.





