खरगोन में सफाईकर्मियों का वाहन पलटा, एक की मौत, 12 कर्मचारी घायल

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन कोतवाली थाना क्षेत्र के टेमला रोड़ पर नगर पालिका का सफाई वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन पलटने से एक सफाईकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 12 महिला और पुरुष सफाई कर्मी घायल हो गए हैं। सभी को जिला अस्पताल लाया गया, सभी खतरे से बहार हैं। सभी सफाई कामगार नगर पालिका खरगोन के कर्मचारी थे। इस दौरान जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना मिलते ही नगरपालिका सीएमओ एमआर निगवाल और अध्यक्ष छाया जोशी जिला अस्पताल पहुंच गए। बताया जा रहा है की सफाईकर्मी टेमला रोड़ पर पीएम आवास की मल्टी में सफाई के बाद टेमला रोड पर आयोजित भगवत कथा स्थल पर सफाई के लिए जा रहे थे। टेमला से पहले अनियंत्रित होकर वाहन पलटी खा गया।
पत्थर और सामने आ रहे वाहन को बचाने के चलते अनियंत्रित होकर वाहन पलटने की बात कही जा रही है। सीएमओ एमआर निगवाल और सफाई मोर्चा अध्यक्ष सजय करौसिया ने बताया की वाहन पलटने से एक सफाई कर्मी राजेश सोलंकी की मौत हो गई है। 12 लोग घायल हुए हैं जिनमे महिलाएं भी शामिल है। सभी का उपचार चल रहा है,घायल सभी खतरे से बहार हैं।