पूरे छत्तीसगढ़ में होगी सेना की भर्ती रैलियां, युवाओं को मिलेगा मौका: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रायपुर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है की छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्र में सेना की भर्ती की रैलियों का आयोजन किया जाएगा. छत्तीसगढ़ के युवा ज्यादा से ज्यादा सेना में भर्ती हो इसके लिए रक्षा मंत्रालय भर्ती के लिए अत्यधिक रैलियों का आयोजन करवाएगा. ये बातें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दिल्ली आवास पर मुलाकात के दौरान कही.
बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार पर हुई चर्चा: रक्षा मंत्री से मुलाकात की जानकारी सीएम विष्णुदेव साय ने मीडिया को दी. उन्होंने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात हुई. इस मुलाकात में बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय की भूमि को देने की मांग की गई है. मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से अनुरोध किया की रक्षा मंत्रालय की जो भूमि है उसे बिलासपुर एयरपोर्ट को उपलब्ध करा दिया जाए ताकि उसका विकास हो सके. सीएम ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से निवेदन किया कि छत्तीसगढ़ में सेना की भर्ती के लिए राज्य के उत्साही युवाओं को ज्यादा अवसर मिलना चाहिए. सीएम ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में अनुशासन, शारीरिक क्षमता और देशभक्ति की भावना है, और वे सेना के साथ जुड़कर देश सेवा करना चाहते हैं.
प्रदेश के युवाओं के लिए सेना की विशेष भर्ती का आयोजन छत्तीसगढ़ में किया जाए, जिससे यहां के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर मिल सके- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की नदियों के नाम पर पोत का नाम रखा जाए: मुख्यमंत्री ने राज्य की कला संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की नदियां महानदी और इंद्रावती केवल जल स्रोत नहीं बल्कि देश की आत्मा है. सीएम ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सुझाव दिया की रक्षा मंत्रालय जब भी नौ सेना के जहाज या पोत को लॉन्च करें तो उनमें कुछ नाम छत्तीसगढ़ के नदियों पर भी रखा जाए. उन्होंने कहा कि जैसे आईएनएस इंद्रावती, आईएनएस महानदी और आईएनएस बस्तर नाम रखा जाए. इससे न केवल केवल एक प्रतीकात्मक नाम के लिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति को पहचान मिलेगी बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह छत्तीसगढ़ को और गौरवान्वित करेगा.
रक्षा मंत्री ने दिया भरोसा: सीएम ने कहा कि रक्षा मंत्री ने इसके लिए भरोसा दिया और उन्होंने कहा है कि आगे इस तरह की चीजों पर जरूर विचार किया जाएगा. उन्होने कहा कि रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की विविधता और एकता का मामला है और जब भी इस तरह का अवसर आएगा निश्चित तौर पर इस पर विचार किया जाएगा.
नई औद्योगिक नीति पर हुई चर्चा: मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को राज्य की नई औद्योगिक नीति के तहत रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक निर्माण को प्रोत्साहन देने की योजनाओं को जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के मिशन के अनुभव से छत्तीसगढ़ में उच्च तकनीकी प्रशिक्षण मुहैया कराई जा रही है. इसके साथ ही अनुसंधान और निजी निवेश को लेकर के सरकार तेजी से कम कर रही है. नक्सल ऑपरेशन के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी भी सीएम ने रक्षा मंत्री को दी.





