राज मिस्त्री का मिला शव, साथी पर हत्या का शक, पुलिस तलाश में जुटी
सरगुजा : मैनपाट क्षेत्र में एक युवक का शव मिला है.जिसकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी राजू के तौर पर हुई है.राजू मैनपाट में राज मिस्त्री का काम करता था. ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम कुदारीडीह में बन रहे एक कॉलोनी में पश्चिम बंगाल के दो युवक मिस्त्री का काम कर रहे थे. सोमवार की रात शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ था. मंगलवार की सुबह उनमें से एक युवक का शव मिला.जिसकी सूचना पुलिस को दी गई.
सिर पर पत्थर से हमला : पुलिस के मुताबिक राजू के सिर पर भारी चीज से हमला किया गया है. पुलिस का अनुमान है कि हत्यारे ने पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की है. फिलहाल कमलेश्वरपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश कर रही है.
साथी पर हत्या का शक : घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी राजेन्द्र मंडावी ने बताया कि कुदारी में वसुंधरा हिल्स रिसोर्ट है. वहां पर वेस्ट बंगाल से कुछ लोग बिल्डिंग मटेरियल का काम करने आए थे. सेंटरिंग का काम करने आए लोग वसुंधरा हिल्स में रुके थे.उन्हीं में से पश्चिम बंगाल से आए हुए दो लोग जो सेंटरिंग का काम करते हैं,कुदारीडीह बस्ती की ओर आए थे.
ग्रामीणों से हमने बात की तो पता चला कि दो लोग एक जगह बैठकर शराब पिए हैं. उसी जगह पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा. राजू का साथी चंदन मंडल घटना के बाद से फरार है. इसलिए संदेह है कि उसने ही हत्या की है. पत्थर से सिर पर वार करके चंदन फरार हो गया है. हत्या की वजह अभी क्लियर नहीं है.आगे जांच पर पता चलेगा कि किस बात पर विवाद हुआ- राजेंद्र मंडावी, जांच अधिकारी
पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया है कि जितने भी लोग राजू के साथ रुके हुए थे उनमें से सिर्फ एक ही व्यक्ति फरार है. इसलिए उस पर ही हत्या का संदेह जताया जा रहा है. लोगों ने शाम को राजू और चंदन को एक साथ घूमते हुए भी देखा था.अब पुलिस साथ में काम करने वाले लोगों की मदद से चंदन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.





