छत्तीसगढ़
भिलाई के दर्शित जैन बने नीट में राज्य टॉपर, 22,000 छात्र-छात्राओं ने किया क्वालिफाई

भिलाई: नीट 2025 परीक्षा परिणाम में छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण तब आया जब भिलाई निवासी दर्शित जैन ने प्रदेश टॉप कर इतिहास रच दिया। दर्शित ने यह उपलब्धि प्रतिदिन औसतन केवल चार घंटे की स्मार्ट और अनुशासित पढ़ाई से हासिल की, जिससे यह साबित होता है कि सफलता सिर्फ घंटों की मेहनत नहीं बल्कि सही रणनीति और निरंतरता का परिणाम होती है।
दर्शित जैन ने डीपीएस रिसाली से अपनी स्कूली शिक्षा की शुरुआत की और यहीं से कक्षा पहली से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। शैक्षणिक उत्कृष्टता की लंबी सूची में दसवीं कक्षा में 98.6% और बारहवीं कक्षा में 97.6% अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रमाण पहले ही दे दिया था।





