पश्चिम बंगाल में दीदी जब तक रहेगी तब तक नहीं जाएंगे, दादा आएंगे तब जाएंगे -पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

रायपुर: गुढ़ियारी के दही हांडी मैदान में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का प्रवचन 4 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीमंत हनुमंत कथा का पाठ कर रहे हैं. पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जब तक दीदी रहेगी तब तक वह पश्चिम बंगाल नहीं जाएंगे. दादा आएंगे तब जाएंगे.
कोलकाता में कथा रद्द होने के बाद दीदी पर बरसे धीरेंद्र शास्त्री: दरअसल बागेश्वर धाम के महाराज पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कोलकाता में कथा होनी थी. बारिश का हवाला देते हुए परमिशन रद्द कर दी गई. जिसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में जब तक दीदी रहेगी नहीं जाएंगे. जब दादा आएंगे तब जाएंगे.
पश्चिम बंगाल में 2026 में विधानसभा चुनाव: पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि “जब तक तन में प्राण रहेंगे तब तक हिंदू होकर हिंदुत्व के लिए जिएंगे और हिंदुत्व की बात करेंगे. उन्होंने कहा कि हमें पश्चिम बंगाल जाना था लेकिन दीदी ने हमको मना कर दिया. आप लोग समझ रहे हैं ना हम किसकी बात कर रहे हैं. मैं नाम नहीं लेना चाहता. परमिशन ही कैंसिल हो गई. दूसरी जगह परमिशन नहीं मिल रही है. जहां थी वहां पानी भर गया तो किसी ने कहा अब क्या कहोगे तो हमने कहा थैंक यू बोल देना. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम अपना कार्य छोड़ दें. दीदी जब तक है तब तक नहीं जाएंगे दादा आएंगे तो जाएंगे.”
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आगे कहा “भगवान करे कि दीदी आगे बनी रहे. हमें उनसे भी कोई बुराई नहीं है, लेकिन बुद्धि ठीक रखें, धर्म के खिलाफ न रहे. हम किसी भी राजनीति के पक्ष में नहीं है और ना ही राजनीति के विरोध में है. हम सनातनी के पक्ष में हैं और हिंदुत्व के पक्ष में थे और रहेंगे.” धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ आते हैं तो कई लोगों के पेट खराब हो जाते हैं.





