छत्तीसगढ़ के इन जिलों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट, उफान पर नदियां; 24 घंटे में कहां कितना बरसा पानी

छत्तीसगढ़ में मॉनसूनी सिस्टम एक्टिव है। उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बाद अब मध्य छत्तीसगढ़ में भी झमाझम बारिश हो रही है। दुर्ग में शिवनाथ, रायपुर में खारून, राजिम में महानदी, बिलासपुर में अरपा नदी अभी भी उफान पर हैं। राजनांदगांव के मोंगरा जलाशय से 70 हजार क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में छोड़ा गया है, जिससे दुर्ग, बेमेतरा जिले में नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। वहीं रायपुर से होकर गुजरने वाली खारून नदी भी उफान पर है। इधर मौसम विभाग ने प्रदेश के 26 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा और बलरामपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ मेघ गर्जन होने आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है। भारी वर्षा का मुख्य क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग, दुर्ग संभाग और रायपुर संभाग के जिले होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग के जिलों में भारी बारिश हुई है।
इस सिस्टम की वजह से हो रही बारिश
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के मुताबिक, एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण झारखंड और उसके आसपास स्थित है। मॉनसून द्रोणिका औसत समुद्र तल पर अपनी सामान्य स्थित से दक्षिण की ओर स्थित है। एक द्रोणिका दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश से झारखण्ड तक छत्तीसगढ़ होते हुए गुजरा है। दूसरी द्रोणिका उत्तर-पूर्व अरब सागर से उत्तर झारखंड तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए गया है। इसके अलावा एक और द्रोणिका असम से विदर्भ तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए 3.1 किमी ऊंचाई पर स्थित है। इन सबके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
सूरजुपर में बरसा सबसे ज्यादा पानी
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश 98.7 मिमी सूरजपुर जिले में रिकार्ड किया गया है। वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज में 87 मिमी, बिलासपुर में 94.7 मिमी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 61.5 मिमी, सरगुजा में 50.9 मिमी, गौरेला-पेंड्रा मरवाही में 36 मिमी, कबीरधाम में 46.4 मिमी, रायपुर में 59.4 मिमी, बालौदबाजार-भाटापारा में 59 मिमी, जांजगीर-चांपा में 40.9 मिमी, रायगढ़ में 43.6 मिमी, जशपुर में 25 मिमी, कोरबा में 23 मिमी, सक्ती में 25 मिमी, बीजापुर में 26 मिमी, गरियाबंद में 26.4 मिमी, धमतरी में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड किया गया है।





