ब्रा में हिडन कैमरा…कान में माइक्रो स्पीकर से हाईटेक नकल, सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में कैसे फेल हुई युवती की इंजीनियरिंग? जानें

बिलासपुर: सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का मामला सामने आया है। मामला सरकंडा स्थित रामदुलारे शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल परीक्षा केंद्र का है, जहां दो युवतियां अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से परीक्षा में धोखाधड़ी कर रही थीं। आसपास के लोगों ने इसका खुलासा किया और दोनों को सरकंडा पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, एक अनुराधा नाम की युवती परीक्षा केंद्र के बाहर ऑटो में बैठकर अंदर परीक्षा दे रही अपनी अन्नू नाम की सहेली की मदद कर रही थी। नकल की इस योजना का खुलासा तब हुआ, जब एक ऑटो चालक को युवती की गतिविधियों पर शक हुआ। उसने तुरंत अपने परिचित एनएसयूआई नेता को इसकी सूचना दी।
परीक्षा हॉल के अंदर बैठी परीक्षार्थी को उत्तर भेज रही थी युवती
नेता के सहयोगियों के साथ पहुंचने पर उन्होंने देखा कि युवती के पास हाईटेक डिवाइसेस हैं, जिससे वह परीक्षा हॉल के अंदर बैठी परीक्षार्थी को उत्तर भेज रही थी। जांच के दौरान बाहर बैठी युवती से पूछताछ करने पर अंदर परीक्षा दे रही उसकी सहेली का भी खुलासा हुआ।
दोनों युवतियों के पास से लैपटॉप, माइक्रो डिवाइस और कई एडवांस इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट जब्त किए गए हैं, जो नकल में प्रयोग किए जा रहे थे। लड़की ने अपनी ब्रा में हिडन कैमरा लगा रखा था। युवकों ने पूरी घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया था। जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, वहीं इस पूरे मामले में सरकण्डा पुलिस जांच के रही है।
व्यापम द्वारा आयोजित की गई थी परीक्षा
यह परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित की गई थी। उप अभियंता (सिविल) एवं उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र क्र. 1309 – शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा, बिलासपुर (छ.ग.) में यह गंभीर नकल प्रकरण प्रकाश में आया है। जहां कक्ष क्रमांक 07 में परीक्षार्थी रोल नंबर 13091014 – कु. अन्नु सूर्या द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए परीक्षा कक्ष में तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उक्त परीक्षार्थी के अंतःवस्त्र में हिडन कैमरा व कान से माइक्रो स्पीकर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपाकर रखे गए पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त किया गया। परीक्षा केन्द्र परिसर के बाहर नकल में सहायता करने हेतु उपस्थित कु. अनुराधा बाई के पास से वॉकी-टॉकी, टैबलेट, ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह स्पष्ट रूप से एक संगठित इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल करने का प्रयास था।
सरकंडा पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
प्रशासन द्वारा नियमानुसार तत्काल नकल प्रकरण तैयार कर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को प्रेषित कर दिया गया है। साथ ही, थाना सरकंडा पुलिस को सूचित कर एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित व्यक्तियों पर उचित कानूनी कार्यवाही की जा रही है।





