आरंग विधायक खुशवंत साहेब की गाड़ी पर पथराव: कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताई बड़ी वजह

रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने एक बार फिर सरकार को घेरा है । आरंग विधायक पर हुए हमले पर बोले दीपक बैज ने कहा कि ये दुर्भाग्य जनक घटना है । कुछ दिन पहले तोखन साहू के काफिले को रोका गया, उसके पहले अरुण साव के काफिले को रोका गया । मतलब साफ है कि सरकार की नाकामी से जनता नाराज है ।
दीपक बैज ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था नहीं है, जनता आक्रोश में है, यही वजह है कि जनप्रतिनिधियों पर हमले हो रहे हैं। खाद की कमी को लेकर बैज ने कहा कि इस मामले में सरकार लगातार झूठ बोल रही है। प्रदेश में आज खाद की कमी है, DAP मिल नहीं रहा, वैकल्पिक व्यवस्था की बात सरकार कर रही है, लेकिन वो भी नहीं मिल रही। किसानों को ब्लैक में खाद खरीदना पड़ रहा है । अगर खाद है, तो सरकार लिस्ट जारी करे, कहां कितना खाद है ।
बीती रात हुआ था खुशवंत साहेब की गाड़ी पर हमला
बता दें कि रायपुर के आरंग विधानसभा सीट से विधायक खुशवंत साहेब की गाड़ी पर बीती रात पथराव किया गया था। इस घटना में भाजपा विधायक बाल बाल बचे हैं, लेकिन उनकी कार से शीशे टूट गए। यह घटना बेमेतरा के भोईनभाठा चौक के पास हुई है। अज्ञात लोगों ने आरंग विधायक एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर पथराव किया । विधायक खुशवंत साहेब एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नवागढ़ से रायपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह घटना हुई है।
सतनामी समाज के लोगों में भी आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद विधायक गुरु खुशवंत बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के निवास पहुंचे, जहां बेमेतरा एसपी रामकृष्ण साहू से बातचीत की। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किसने और किन कारणों से किया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, वहीं सतनामी समाज के लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।





