नक्सल मोर्चे पर सोशल मीडिया बन सकता है जवानों का दुश्मन, जानकारी लीक होने का खतरा, डिलीट किए गए अकाउंट

बस्तर : छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ अंतिम लड़ाई लड़ी जा रही है. लगातार सुरक्षाबल के जवान नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्चिंग करके मुठभेड़ों में बड़े से लेकर छोटे कैडर के नक्सलियों को मार गिरा रहे हैं. अभियान के दौरान जंगलों में जवानों को कई दिन बिताने पड़ रहे हैं.जिसमें उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सोशल मीडिया में जवानों ने किए वीडियो अपलोड : आपको बता दें कि नक्सलियों के खिलाफ होने वाले ऑपरेशन और इससे होने वाली परेशानियों का वीडियो बनाकर जवानों ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म में अपलोड किए थे. जिसे सोशल मीडिया में काफी ज्यादा देखा जाने लगा था.जिसे देखते हुए अब पुलिस ने जवानों के सोशल मीडिया अकाउंट्स डिलीट करवा दिए हैं.साथ ही साथ उन्हें सोशल मीडिया से दूर रहने की हिदायत दी है.
सुरक्षाबल के जवानों को हिदायत दी गई है कि कोई भी अभियान से संबंधित जानकारी वे सोशल मीडिया में साझा न करें. इससे अभियान भी कॉम्प्रोमाइज हो जाते हैं. साथ ही अभियान में शामिल जवान एवं उनके परिजनों पर भी खतरा बढ़ सकता है. उन सभी की सुरक्षा को देखते हुए यह एडवाइस जारी की गई है, ताकि अभियान बेहतरीन तरीके से संचालित हो सके और जवानों को कोई नुकसान न पहुंचे – सुंदरराज पी, आईजी बस्तर रेंज
दरअसल अबूझमाड़ के जंगल में नक्सल संगठन के जनरल सेक्रेटरी बसवा राजू के मारे जाने के बाद तेजी से सोशल मीडिया में जवानों के बनाए गए वीडियो वायरल होने लगे. वीडियो को मिलियन्स व्यूज मिले. भारतदेश के साथ ही विदेश में भी वीडियो देखे गए. ऐसे लगातार व्यू बढ़ने पर ऑपरेशन में शामिल जवानों की पहचान भी उजागर होने लगी थी. जिनकी सुरक्षा को देखते हुए जवानों को सोशल मीडिया से दूर रहने की हिदायत दी गई. साथ ही कुछ यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक अकाउंट भी डिलीट करवाए गए.





