हरमो कांड में अपडेट: साहू समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, रखी नई मांग

कवर्धा: हरमो कांड को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. साहू समाज ने एसपी को ज्ञापन देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है. साहू समाज का कहना है कि जूते और चप्पल पहनकर मंदिर में प्रवेश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. हरमो कांड में बर्खास्त हुए आरक्षक के पक्ष में साधु और संत सहित वैष्णव समाज लामबंद हो गए हैं. पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच की मांग की जा रही है.
हरमो कांड को लेकर बढ़ा विवाद: साहू समाज का कहना है कि जान बूझकर विवाद की स्थिति पैदा की जा रही है. साहू समाज ने कहा कि हमारी आस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है. साहू समाज ने पुलिस से मांग करते हुए कहा कि जिन लोगों ने भी उनकी धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ किया उनपर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
मूर्ति खंडित होने के मामले: कबीरधाम जिले में बीते कुछ महीनों में धार्मिक विवादों की लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही है. हरमो गांव घटना भगवान शिव की मूर्ति खंडित और कबीर चबूतरा तोड़े जाने के मामले में पुजारी की गिरफ्तारी हुई, और एक आरक्षक को गिरफ्तार किया गया जिसके बाद बवाल बढ़ा.
कांग्रेस नेताओं पर आरोप: साहू समाज ने कांग्रेस नेताओं पर कर्मा माता मंदिर में चप्पल जूते पहनकर प्रवेश करने और धार्मिक स्थल पर राजनीतिक करने का आरोप लगाया है. साहू समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपा कर दोषियों को गिरफ्तार करने मांग की है.
आरक्षक बर्खास्त किए जाने पर बढ़ा विवाद: हरमो मामले में पुलिस ने आरक्षक राजीव वैष्णव को बर्खास्त किया है. जिसपर वैष्णव समाज के साधु-संत और वैष्णव समाज ने इसे राजनीति बताया और न्यायिक जांच की मांग की. साहू समाज ने कहा कि ”लगातार हो रही इन घटनाओं से धार्मिक उन्माद का माहौल बन रहा है और अब सवाल उठ रहा है कि क्या इसके पीछे कोई बड़ी राजनीतिक साजिश है. मठाधीश रामसुंदर दास महंत ने पुलिस पर नाकामी का आरोप लगाते हुए कहा कि राजीव वैष्णव ने मंदिर निर्माण और जीर्णोद्धार में 11 लाख खर्च किया है मंदिर और देवी देवताओं को लेकर इतनी आस्था रखने वाला व्यक्ति क्या अपराधी हो सकता है ”.
साहू समाज ने की मांग: विवाद बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और साहू समाज ने भी एसपी ऑफिस पहुंचकर कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की.





