भिलाई दुर्ग में ज्वेलर्स शॉप में चोरी का खुलासा, 4 गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की तलाश, लाखों के जेवर बरामद

भिलाई\दुर्ग: पुलिस ने जिले में हाल ही में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है. चोरी के इन मामलों में चार चोरों को पुलिस ने पकड़ा है. चोरी की दोनों घटनाएं हफ्तेभर के अंदर हुई.
दुर्ग भिलाई में ज्वेलरी शॉप में चोरी: पहली घटना 11 अगस्त को मेढ़ेसरा थाना क्षेत्र के मां दुर्गा ज्वेलर्स में हुई थी, जबकि दूसरी वारदात 16 अगस्त को नंदिनी थाना क्षेत्र के भावना ज्वेलर्स में घटी. दोनों ही मामलों में चोरों ने सब्बल का इस्तेमाल कर दुकानों के शटर तोड़कर आभूषण चोरी किए थे. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी करने से पहले दुकानों की गुप्त रूप से रेकी करते थे और फिर रात के समय वारदात को अंजाम देते थे.
चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दुर्ग पुलिस ने गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की. जिसने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन मामलों को सुलझाया.
4 लाख से ज्यादा के सोने चांदी के आभूषण बरामद: एएसपी अभिषेक झा ने जानकारी दी कि इस गिरोह का सरगना बादल सोनी है, जो चोरी का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. बादल सोनी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बादल सोनी के अलावा सूरज कोसरे, नितिन झाड़े और धनेश्वर साहू को भी गिरफ्तार किया है. चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. 4 लाख से ज्यादा की ज्वेलर्स से चुराई संपत्ति जब्त की है. 3 किलो से ज्यादा की चांदी मिली है. दो बाइक भी जब्त की गई है.
दुर्ग पुलिस को बड़े नेटवर्क की तलाश: एएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क, संभावित ठिकानों और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है.
एएसपी अभिषेक झा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.





