दूधाधारी मठ से शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बड़ा दावा, छत्तीसगढ़ एजुकेशन सिस्टम की सब समस्याएं होंगी दूर

रायपुर: शिक्षा मंत्री बनाए जाने के बाद से शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव छत्तीसगढ़ के एजुकेशन सिस्टम को सुधारने की बात कह रहे हैं. रविवार को उन्होंने दुर्ग में प्रदेश में क्वॉलिटी एजुकेशन मुहैया कराने की बात कही थी. सोमवार 25 अगस्त को शिक्षा मंत्रालय का पदभार ग्रहण करने से पहले गजेंद्र यादव ने एक बार छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में मौजूद सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा.
दूधाधारी मठ में गजेंद्र यादव ने की पूजा: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पदभार ग्रहण करने से पहले रायपुर के दूधाधारी मठ में पूजा अर्चना की. इस अवसर पर उन्होंने दूधाधारी मठ के महंत रामसुंदर दास का आशीर्वाद भी लिया. उन्होंने बताया कि दूधाधारी मठ प्राचीन समय से अध्यात्म के साथ ही ज्ञान का एक बड़ा केंद्र रहा है. इसलिए मैं यहां भगवान की पूजा अर्चना करने आया.
भगवान की पूजा के साथ नए पद का ग्रहण: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मैं यहां पर भगवान राम लक्ष्मण सीता और हनुमान के साथ ही विघ्न विनाशक भगवान गणेश के दर्शन के लिए आया हूं, जो मुझे नई जिम्मेदारी मिली है. शिक्षा विभाग की उसका आज मैं मंत्रालय में पदभार ग्रहण करने वाला हूं.
हमारी मूलभूत आवश्यकताओं में से एक सबसे महत्वपूर्ण शिक्षा है. जो हमारे छत्तीसगढ़ के भविष्य को तय करेगा. शिक्षा व्यवस्था दूधाधारी मठ प्राचीन समय से अध्यात्म के साथ ही ज्ञान का एक बड़ा केंद्र रहा है. दूरस्थ और वनांचल क्षेत्र के रहने वाले लोग जहां पर शिक्षा की व्यवस्था नहीं थी तो लोग यहां पर रहकर शिक्षा ग्रहण करते थे. मेरा सौभाग्य है कि शिक्षा मंत्री के नाते मैं पहले इस पवित्र स्थल का दर्शन करूं. उसके बाद मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण करूं ऐसी मेरी इच्छा थी- गजेंद्र यादव, शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़
शिक्षा विभाग की सारी समस्याएं होगी हल: इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दावा किया और लोगों को चिंतामुक्त होने को कहा. उन्होंने कहा कि नवीन दायित्व लेने जा रहा हूं, आप चिंता मत करिए शिक्षा विभाग में जितनी भी समस्या है सारी समस्याओं का समाधान करते हुए छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था बेहतरऔर गुणवत्तापूर्ण रहे उसके लिए हम काम करेंगे.
20 अगस्त को गजेंद्र यादव ने ली थी शपथ: 20 अगस्त 2025 को रायपुर में साय कैबिनेट का विस्तार हुआ था. गजेंद्र यादव ने इस दिन शपथ ग्रहण किया था. उसके बाद उन्हें साय सरकार में शिक्षा मंत्रालय का जिम्मा मिला. शिक्षा मंत्री बनने के बाद से गजेंद्र यादव छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को क्वॉलिटी एजुकेशन सिस्टम के रूप में डेवलप करने की बात कह रहे हैं. वह लगातार दावा कर रहे हैं कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर कर दिया जाएगा.





