बीजेपी के खिलाफ शिकायत करने पहुंची कांग्रेस, मनेंद्रगढ़ में पुतला दहन पर चढ़ा सियासी पारा

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में भाजपा के पुतला दहन कार्यक्रम ने अब नया विवाद खड़ा कर दिया है. कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी ने अपने प्रदर्शन और पुतला दहन के आयोजन में मासूम बच्चों का इस्तेमाल किया. मासूम बच्चों से पुतले को चप्पल मरवाई गई. कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी ने अपनी सियासत चमकाने के लिए बच्चों को भी नहीं छोड़ा. कांग्रेस बात की शिकायत को लेकर थाने भी गई और पुलिस को ज्ञापन सौंपा.
पुतला दहन पर सियासत तेज: दरअसल बिहार में राहुल गांधी की चल रही रैली के विरोध में एमसीबी में बीजेपी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला दहन कार्यक्रम रखा. बीजेपी नेता इंडिया गठबंधन के मंच से पीएम के लिए किए गए आपत्तिजनक शब्दों का विरोध जता रहे थे. विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया गया. पुतला दहन से पहले कांग्रेस का आरोप है कि पुतले को बच्चों के हाथों से चप्पल मरवाई गई.
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल: पुतले को चप्पल मरवाने की तस्वीरें सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ. वायरल तस्वीरों को देखने के बाद कांग्रेस ने इसकी शिकायत पुलिस से की. कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि यह भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध है और बाल अधिकार आयोग को संज्ञान लेना चाहिए.
बाल अधिकार आयोग से की मांग: कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा मासूम बच्चों को नफरत और हिंसा का औजार बना रही है. यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है और प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए.दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग: कांग्रेस ने इस घटना को बाल अधिकारों का खुला उल्लंघन बताया है. कांग्रेस का कहना है कि बच्चों को नफरत और हिंसा से दूर रखना चाहिए और उनका इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए नहीं किया जाना चाहिए.
चढ़ा सियासी पारा: हालाकि कांग्रेस के आरोपों का बीजेपी ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है लेकिन ये तय माना जा रहा है कि बीजेपी जल्द पलटवार करेगी.
क्या है विवाद के पीछे की वजह: दरअसल राहुल और तेजस्वी यादव बिहार में वोटर अधिकार यात्रा पर थे. इसी दौरान इंडिया गठबंधन के मंच से एक नेता ने पीएम मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया. जिसकी सभी लोग निंदा कर रहे हैं. पुलिस ने आरोपी नेता को गिरफ्तार भी कर लिया है. इसके बाद भी इस मुद्दे पर सियासत जारी है. बीजेपी लगातार इंडिया गठबंघन पर हमलावर है.





