दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिलेंगे सीएम विष्णुदेव साय, विदेश दौरे और नक्सल रणनीति पर होगी चर्चा

रायपुर : छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय एक दिवसीय दौरे पर दिल्ली गए हैं.उनके साथ छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा भी हैं. जहां दोनों गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे. दिल्ली जाने से पहले सीएम विष्णुदेव साय ने अपने दौरे को लेकर जानकारी दी.साथ ही साथ प्रदेश में खाद की आपूर्ति पर भी बड़ा बयान दिया है.
विदेश दौरे के बाद होगी मुलाकात : मुख्यमंत्री विष्णु देव का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण है. क्योंकि मुख्यमंत्री 10 दिनों की विदेश दौरे के बाद लौटे हैं.इसके तुरंत बाद दिल्ली रवाना हुए.जापान और दक्षिण कोरिया में कई ऐसी योजनाओं को लेकर के मुख्यमंत्री की चर्चा हुई है जो छत्तीसगढ़ में निवेश को आगे बढ़ाएंगे.इसलिए माना जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ होने वाली मीटिंग में विदेश दौरे को लेकर भी चर्चा हो सकती है.
नक्सलवाद को लेकर चर्चा : साथ ही साथ गृहमंत्री विजय शर्मा नक्सल मुक्त अभियान को लेकर भी गृहमंत्री अमित शाह को जानकारी देंगे. 31 मार्च 2026 तक नक्सल को खत्म करने को लेकर जिस रणनीति पर काम किया जा रहा है. उसे लेकर कई परेशानी भी आ रही है. पिछले 15 दिनों में नक्सलियों ने मुखबिरी का आरोप लगाते हुए शिक्षादूतों की हत्या की है. इसके अलावा 15 अगस्त के दिन तिरंगा फहराने वाले शख्स की भी हत्या नक्सलियों ने की थी. ऐसे में माना जा रहा है कि नक्सल अभियान को लेकर भी केन्द्रीय गृहमंत्री से चर्चा होगी.
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहला दौरा :छत्तीसगढ़ में लंबे समय से मंत्रिमंडल का विस्तार का मामला लटका हुआ था. अब छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है. जितने मंत्रियों की बात कही जा रही थी. मंत्रिमंडल विस्तार में उन सभी कोटे को पूरा कर लिया गया है. हालांकि कांग्रेस ने ये आरोप लगाए हैं कि 90 विधायकों की संख्या में कुल 13.50 मंत्री होने चाहिए, लेकिन छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल विस्तार में कुल 14 मंत्रियों को रखा गया है. तो ऐसे में इस बात को लेकर के भी केंद्रीय मंत्री से चर्चा होगी कि जिस तरीके का आरोप कांग्रेस लग रही है उसको लेकर आगे की रणनीति क्या हो सकती है.
खाद की आपूर्ति पर सीएम का बयान : दिल्ली जाने से पहले राज्य में खाद की स्थिति को लेकर सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए 60 हजार 800 मिट्रिक टन यूरिया आबंटन किया जाएगा.हमने पहले ही कहा था कि यूरिया को लेकर विकल्प निकालेंगे. पिछली बार भी 50 हजार मीट्रिक टन आबंटन किया था. आगे भी 60 हजार मिट्रिक टन खाद हमें मिल रहा है. अब खाद की कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने कहा कि किसान खाद को कई तरह से उपयोग में लाते हैं. कई बार खाद डालते हैं. ऐसे में किसानों को बार-बार खाद की जरूरत होती है. इसलिए जो भी किसानों को जरूरत है उसको पूरा किया जाएगा.





