छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में डैम टूटा, एक परिवार के 7 लोग बहे, 4 के शव बरामद

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में इस साल काफी बारिश हुई है. रायपुर मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में अतिवृष्टि हुई है. मूसलाधार बारिश से सभी डैम लबालब भरे हुए हैं. मंगलवार रात तातापानी पुलिस चौकी क्षेत्र के विश्रामनगर में डैम अचानक टूट गया. जिससे निचले इलाके में स्थित घर उसकी चपेट में आ गए. डैम टूटने के बाद कई लोग बह गए. अब तक चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं.
घटना स्थल पर भयावह मंजर: बलरामपुर जिला मुख्यालय से महज पंद्रह किलोमीटर दूर मंगलवार रात करीब दस से ग्यारह बजे के दरमियान अचानक लुत्ती डैम से पानी का रिसाव होने लगा. कुछ ही देर में डैम टूट गया और पानी का सैलाब निचले हिस्से में बहने लगा. जहां एक घर में सो रहे सात लोग बह गए. चार लोगों के शव मिले हैं. तीन अब भी लापता है. एक बच्चे का शव बरामद हुआ है. इस घटना में करीब आधा दर्जन से अधिक बेजुबान मवेशियों की भी जान चली गई है.
कई मवेशी भी बहे: डैम टूटने से कई खेतों में पानी भर गया. फसलें भी बर्बाद हो गई. कई मवेशी भी बह गए. कुछ अन्य घर भी पानी की चपेट में आकर ढह गए. ऐसे लोगों को प्रशासन के तरफ से पंचायत भवन में शिफ्ट किया जा रहा है.





