रायपुर पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक प्रधान आरक्षक ने अपनी जिंदगी समाप्त कर ली. वह रायपुर पुलिस लाइन में तैनात था. प्रधान आरक्षक का नाम राम आसरा पोरते बताया जा रहा है. वह वाहन चालक के पद पर कार्यरत था. पुलिस के मुताबिक यह घटना मंगलवार देर रात की है. बुधवार को पुलिस के आला अधिकारियों की इसकी सूचना मिली.
रायपुर पुलिस लाइन के पास की घटना: यह पूरी घटना रायपुर पुलिस लाइन की बताई जा रही है. शुरुआती तफ्तीश में पता चला है कि प्रधान आरक्षक राम आसरा पोरते ने पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में यह कदम उठाया. रायपुर कोतवाली थाना पुलिस इस पूरी घटना की जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि मृतक प्रधान आरक्षक का शव बुधवार सुबह मिला. जिसके बाद सूचना पर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है.
कोतवाली थाना अंतर्गत पुलिस लाइन में वाहन चालक के पद पर पदस्थ प्रधान आरक्षक राम आसरा पोरते ने जान दे दी है. हमने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है. मृतक शराब पीने का आदी था. मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस घटना के मुख्य कारण का पता चल पाएगा- राजेश सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी, रायपुर
पुलिस सबूतों को जुटाने में जुटी: इस वारदात के बाद पुलिस के हाथ अब तक खाली है. अभी भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस आस पास के लोगों से पूछताछ कर रही है. मृतक के परिजनों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि प्रधान आरक्षक राम आसरा पोरते का किसी से विवाद तो नहीं हुआ था. कहीं वो किसी तरह के प्रेशर में तो नहीं था. अभी पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. जांच के बाद ही पुलिस इस पर कोई खुलासा कर सकेगी.





