रामधुनी आयोजन में पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, श्रीराम की पूजा के बाद कर दिया बड़ा ऐलान

कबीरधाम: डिप्टी सीएम विजय शर्मा मंगलवार को अपने गृहजिले कवर्धा के दौरे पर पहुंचे. उपमुख्यमंत्री ने अपने दौरे पर ग्राम बदराडीह, बाघूटोला, खुर्सीपार, जैताटोला में आयोजित रामधुनी के धार्मिक आयोजन में शामिल हुए. डिप्टी सीएम ने यहां गांव वालों के साथ भजन कीर्तन किया. भजन कीर्तन के बाद विजय शर्मा ने विधि विधान से भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना की. इस मौके पर विजय शर्मा ने प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद भी लिया.
विकास की सौगात: कवर्धा: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस मौके पर देश और प्रदेश के विकास का आशीर्वाद प्रभु श्रीराम से मांगा. विजय शर्मा ने कहा कि रामधुनी जैसे धार्मिक आयोजन में भाग लेना उनके लिए बड़ी सम्मान की बात है. डिप्टी सीएम ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से समाजिक एकता और सदभाव बढ़ता है. डिप्टी सीएम ने कहा कि ऐसे आयोजन से भाईचारे का संदेश समाज में जाता है.
बाबा गुरु घासीदास जी का आशीर्वाद लिया: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जैताटोला और ग्राम प्रभाटोला में आयोजित धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के साथ साथ सतनाम झूला कार्यक्रम में भी शिरकत करने पहुंचे. डिप्टी सीएम ने यहां बाबा गुरुघासी दास जी का आशीर्वाद लिया. इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बहुप्रतिक्षित मांगों को पूरा करते हुए 1 करोड़ 23 लाख 50 हजार के विकास कार्यों की घोषणा की.
सामुदायिक भवन के निर्माण का ऐलान: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बदराडीह में सामुदायिक भवन भोयरा मरार, पटेल समाज के लिए 20 लाख, सीसी रोड़ निर्माण के 7 लाख, बाघूटोला में सामुदायिक भवन के 6.50 लाख, जैताटोला में मंगल भवन के लिए 7.50 लाख, समुदायिक भवन के लिए 7.50 लाख, मुक्तिधाम शेड के लिए 4 लाख, मुक्तिधाम में प्रतीक्षालय निर्माण के लिए 4 लाख, ग्राम प्रभाटोला में सीसी रोड, मुक्तिधाम शेड, रिटर्निंग वाल और नाली सहित अलग अलग निर्माण कार्य के लिए 67 लाख की घोषणा की. विकास कार्यो की सौगात मिलने पर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया.
डिप्टी सीएम का हुआ जोरदार स्वागत: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव में विकास की नई गाथा लिख रही है. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और किसान कल्याण जैसे क्षेत्रों में लगातार योजनाएं संचालित की जा रही है. विजय शर्मा ने कहा कि राज्य की प्रगति तभी संभव है जब समाज के सभी वर्गों को समान अवसर मिले और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. कार्यक्रम में शामिल ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत कर उनका आभार जताया. इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, गोपाल साहू सहित जनप्रतिनिधि और हजारों ग्रामीण मौजूद रहे.





