एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल का 19वां दिन, दंतेश्वरी मंदिर में चढ़ाई 108 मीटर लंबी चुनरी, मांग पूरी करने की प्रार्थना

बस्तर : छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आए दिन अलग अलग तरीकों से सरकार के विरोध में हड़ताल के दौरान पैंतरे आजमाकर मांग कर रहे हैं. बस्तर में एनएचएम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 19वें दिन भी जारी है. खून से चिट्ठी, नाटक, मेहंदी, गीत संगीत के बाद अब बस्तर की आराध्य देवी के सामने 108 मीटर चुनरी चढ़ाकर प्रार्थना कर रहे हैं. NHM कर्मचारियों का यह प्रदर्शन काफी अनोखा है.
मांगे पूरी करने के लिए प्रार्थना : NHM कर्मचारी धरना स्थल मंडी से पदयात्रा करते हुए दंतेश्वरी मंदिर तक पहुंचे. एनएचएम कर्मचारियों ने चुनरी चढ़ाकर उनकी मांगे जल्द पूरी हो इसीलिए देवी से प्रार्थना की. कर्मचारियों ने कहा कि यह केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का एक शांतिपूर्ण प्रयास है.NHM कर्मचारी पूर्णिमा ने बताया कि पिछले 19 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. लेकिन छत्तीसगढ़ की सरकार 10 सूत्री मांगों को अनसुनी कर रही है.
पूर्णिमा ने बताया कि 10 सूत्रीय मांगों में से 5 मांगों को पूरी करने की बात मीडिया में सुनी गई है. लेकिन NHM कर्मचारियों को लिखित में आदेश नहीं मिला है. इसीलिए लड़ाई जारी है. यदि सरकार इसके बाद भी मांगों को अनसुनी करती है तो आने वाले दिनों में मशाल रैली निकाली जाएगी.





