लामनी में फर्राटा भरने वाले हैं हिरणों के झुंड, चांदनी रात में जंगल के बीच देख सकेंगे दिलचस्प नजारा

जगदलपुर: बस्तर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है. यहां की सुंदरता को निहारने के लिए देश और विदेश से लोग आते हैं. बस्तर में आने वाले पर्यटकों को लुभाने के लिए जगदलपुर शहर से थोड़ी दूर पर लामनी पार्क वन विभाग ने डेवलप किया. प्राकृतिक रुप से डेवलप किए गए पार्क की सुंदरता को निहारने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. पार्क के भीतर पर्यटकों को एडवेंचर स्पोर्ट्स का मजा दिलाने के लिए वन विभाग ने बीते साल खास तैयारी की. इसके तहत यहां पर एडवेंचर पार्क बनाया गया. लोग इस एडवेंचर पार्क का मजा ले पाते उससे पहले ही ये खंडहर में तब्दील होना शुरु हो गया है.
एडवेंचर पार्क शुरु होने से पहले लटका ताला: पर्यटन को बढ़ावा और युवाओं को आकर्षित करने के लिए बनाया गया पार्क शुरु होने से पहले ही खंडहर होता जा रहा है. स्थानीय युवाओं का कहना है कि ये पार्क आजतक हमारे लिए खुला ही नहीं. पार्क में जो लोहे के स्ट्रक्चर खड़े किए गए वो अब जंग लगकर खराब हो रहे हैं. एडवेंचर पार्क के गेट पर सिर्फ ताला लटका रहता है. यहां जो झूले और दूसरे सामान पर्यटकों के लिए लगाए हैं वो सब बिना इस्तेमाल के कबाड़ बन रहे हैं.
युवाओं को यहां मिलनी थी एडवेंचर ट्रेनिंग: वन विभाग की कोशिश थी कि यहां पर आने वाले युवा पर्यटकों को एडवेंचर का आनंद कराया जाएगा, उनको एडवेंचर ट्रेनिंग दी जाएगी. लेकिन वन विभाग की कोशिश जमीन पर नहीं उतर सकी.
वन विभाग ने किया दावा: वन विभाग की ओर से अब ये कहा जा रहा है कि जल्द ही एडवेंचर पार्क की तस्वीर बदलने वाली है. यहां पर जो भी सुविधाएं बढ़ाने की हमने कोशिश की थी उसे पूरा करेंगे. जल्द ही युवाओं के लिए ये एडवेंचर पार्क शुरु किया जाएगा.
जो काम हमने पूर्व में शुरु किया था उसे जल्द पूरा किया जाएगा. हमने पूरी योजना बना ली है. हम नए सिरे से पार्क को रिनोवेट करने वाले हैं: आर.सी. दुग्गा, सीसीएफ
बस्तर रेंज सीसीएफ ने दिया भरोसा: सीसीएफ आर.सी. दुग्गा ने खुद स्वीकार किया कि एडवेंचर पार्क में कुछ निर्माण कार्य कराए गए थे. लेकिन उसके मेंटेनेंस के लिए पैसे नहीं आए. जिसकी वजह से एडवेंचर पार्क खस्ता हालत में पहुंच गया. लेकिन अब नई योजना तैयार कर ली गई है. उस पार्क में कुछ और चीजों को जोड़ना है. साथ ही उसका एरिया भी बढ़ाना है. योजना के मुताबिक एडवेंचर पार्क को नए सिरे से बनाया जाएगा. साथ ही हिरन पार्क में हिरणों की संख्या बढ़ाई जाएगी और लामानी पार्क में होम स्टे की भी व्यवस्था होगी. इतना ही नहीं लामनी पार्क को टूरिज्म बोर्ड से जोड़ा जाएगा. ताकि बस्तर आने वाले पर्यटक यहां भी समय बिता सकें और रोमांच का आनंद ले सकें.
क्यों प्रसिद्ध है लामनी पार्क: जगदलपुर स्थित लमनी पार्क, हरियाली और प्राकृतिक नज़ारों से घिरा एक मनोरम पार्क हैय यह पर्यटकों को विश्राम और प्रकृति की सैर के लिए एक शांत वातावरण प्रदान करता है. इस पार्क में पैदल मार्ग, पिकनिक स्थल और विभिन्न प्रकार की वनस्पतियां और जीव-जंतु हैं, जो इसे शहरी जीवन की भागदौड़ से दूर एक सुंदर विश्राम स्थल बनाते हैं. पार्क का शांत वातावरण स्थानीय लोगों और पर्यटकों, दोनों को आकर्षित करता है, जिससे यह प्रकृति के साथ जुड़ाव की तलाश में घूमने-फिरने के शौकीनों के लिए बेस्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन गया है.





