प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बालोद पहुंचे राहुल टिकरिहा, कहा- जल्द कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे

बालोद: राहुल टिकरिहा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद शनिवार को पहली बार बालोद पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और भव्य रैली निकाली. इसके बाद जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
कार्यकारिणी पर कहा: राहुल टिकरिहा ने अपने उद्बोधन में कहा कि पार्टी ने उन्हें जो बड़ा सम्मान दिया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे. उन्होंने युवाओं से कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारियों को निष्ठा से निभाएं और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं.
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा का एक प्रमुख स्तंभ है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करने से युवा बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं.
कार्यकर्ताओं को दिए टिप्स: जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने युवा मोर्चा को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभानी होगी. साथ ही उन्होंने कहा कि, कांग्रेस सिर्फ निराधार आरोप लगाती है. कार्यकर्ताओं से अपने कर्तव्यों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया.
महामंत्री सौरभ लुनिया ने युवाओं की ताकत को पहचानने और सही दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत पर जोर दिया. वहीं जिला महामंत्री राकेश यादव ने कहा कि अंत्योदय की विचारधारा के साथ भाजपा कार्यकर्ता अंतिम व्यक्ति तक विकास और योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करेंगे.
इस मौके पर जिला अध्यक्ष आदित्य ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से प्रेरणा लेकर युवा मोर्चा बेहतर से बेहतरीन की ओर अग्रसर होगा. जबकि जिला उपाध्यक्ष संजय साहू सानू ने कहा कि यदि हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझकर कार्य करें, तो किसी भी चुनाव में भाजपा की जीत को कोई नहीं रोक सकता.
इस अवसर पर अमित चोपड़ा, संदीप साहू, टुमन साहू, राजेंद्र साहू, खेमलाल देवांगन, लेख राम साहू, नरेश गुड्डू आहूजा, राहुल साहू, रौनक कत्याल, एकांत पवार, संजय साहू, ओशाभ यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.





