डिजिटल क्रॉप सर्वे से फसल का ऑन स्पॉट सत्यापन, गांव के युवाओं को रोजगार भी

दुर्ग भिलाई: दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने खुर्सीपार क्षेत्र का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने भिलाई आईटीआई परिसर में बन रहे भव्य गारमेंट फैक्ट्री और एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण किया. कलेक्टर के साथ भिलाई नगर निगम कमिश्नर राजीव पांडे सहित निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे.
भिलाई गारमेंट फैक्ट्री का निरीक्षण: दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने खुर्सीपार में भिलाई आईटीआई स्थित गारमेंट फैक्ट्री व एसआरएम सेंटर का निरीक्षण किया. गारमेंट फैक्ट्री का निर्माण कार्य 2022 में कांग्रेस शासनकाल में शुरू किया गया था, लेकिन 2025 तक भी फैक्ट्री पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी. दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, हालांकि फंड की कमी के कारण थोड़ी देरी हो रही है. इस संबंध में शासन से बात की जाएगी ताकि जल्द से जल्द फंड उपलब्ध हो सके. कलेक्टर ने फैक्ट्री के अंदर नमी और सीलन की समस्या पर भी नाराजगी जताई और उसे जल्द ठीक करने के निर्देश दिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि गारमेंट फैक्ट्री का काम जल्द पूरा किया जाएगा.
एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण: इसके अलावा, कलेक्टर ने स्वच्छता अभियान की भी समीक्षा की. उन्होंने बताया कि भिलाई नगर निगम की वर्तमान में तीसरी रैंकिंग है, लेकिन लक्ष्य है कि इसे और बेहतर किया जाए. कचरा सेग्रीगेशन के लिए नई प्लानिंग की जा रही है और वेस्ट मैनेजमेंट के लिए एक विशेष स्थान आईडेंटिफाई किया गया है. जल्द ही इस पर एक नया प्रोजेक्ट भी शुरू किया जाएगा. कलेक्टर अभिजीत सिंह के इस दौरे का उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति, कृषि सर्वे की पारदर्शिता और स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करना रहा.
दुर्ग में डिजिटल क्रॉप सर्वे: दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अब एप आधारित सर्वे के माध्यम से हर खसरा में कौन सी फसल लगाई गई है और कितने रकबे में बोई गई है, इसका ऑन-स्पॉट सत्यापन किया जा रहा है. इसके लिए गांव के तकनीकी जानकार युवाओं की मदद ली जा रही है. युवाओं को प्रत्येक खसरा के सर्वे के लिए 10 रुपये का भुगतान किया जाएगा, जिससे उन्हें आय का एक नया स्रोत मिलेगा. इस सर्वे से सरकार को ऑथेंटिक डाटा मिलेगा और यह धान खरीदी के समय किसी भी प्रकार की दिक्कत को दूर करने में मददगार होगा.





