100 फीट का रावण होगा आकर्षण का केंद्र, रायपुर के WRS कॉलोनी में भूमिपूजन के साथ रावण दहन की तैयारियां शुरु

रायपुर: विजयादशमी का त्योहार इस बार रायपुर में खास होने वाला है. WRS कॉलोनी में इस बार 100 फीट के रावण का दहन किया जाएगा. रावण के पुतले का जिस जगह पर निर्माण शुरु होने वाला है वहां पर पहले भूमिपूजन किया गया. भूमिपूजन में गणमान्य लोगों के साथ विधायक पुरंदर मिश्रा भी शामिल हुए. इस साल 2 अक्टूबर को विजयादशमी का त्योहार मनाया जाएगा.
100 फीट का रावण होगा आकर्षण का केंद्र: शुक्रवार को रायपुर उत्तर से विधायक पुरंदर मिश्रा ने WRS कॉलोनी में रावण दहन स्थल के पास रावण निर्माण स्थल का भूमिपूजन किया. इस मौके पर रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
भूमिपूजन के साथ पुतले का निर्माण शुरु: विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रावण निर्माण स्थल का भूमिपूजन किया है. इसके बाद यहां पर रावण निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है. विधायक ने कहा कि आज मैं सब लोगों को श्रीराम विजयदशमी उत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया हूं. रावण निर्माण की प्रक्रिया के लिए भूमि पूजन किया गया है. इस साल भी धूमधाम से श्रीराम विजयादशमी उत्सव मनाया जाएगा आप सब की सहभागिता बहुत आवश्यक है.
इस समय रावण को मारने की जरूरत नहीं है वह अपने आप मर जाएगा. पिछले कई दशकों से यहां पर विजयदशमी का उत्सव चला आ रहा है. लेकिन इस बार का दशहरा खास होगा. अब अयोध्या में राम जी का मंदिर बन गया है. इस खुशी में हम श्रीराम विजयादशमी का उत्सव मनाएंगे. रेलवे के अधिकारी हमारे साथ मिलकर इस काम में मदद करेंगे तो तो सभी काम आसानी से पूरे हो जाएंगे: पुरंदर मिश्रा, विधायक, बीजेपी
नेशनल क्लब रायपुर: WRS कॉलोनी के नेशनल क्लब के संस्थापक जी स्वामी ने बताया कि जब तक WRS कॉलोनी में रावण दहन होगा तब तक नेशनल क्लब रहेगा. रावण के निर्माण की प्रक्रिया नेशनल क्लब द्वारा पूरी की जाती है. पहले रावण का निर्माण नेशनल क्लब के द्वारा किया जाता था. बाहर के कलाकारों को इसमें शामिल होने का मौका नहीं मिल पाता था. नेशनल क्लब के द्वारा WRS कॉलोनी के सामान और चंदा से ही रावण का निर्माण किया जाता था. लेकिन पिछले 35 सालों से रावण दहन सार्वजनिक होने लगा और इसमें शासन की भी सहभागिता होने लगी.
राजपाल लूम्बा बनाते थे रावण: राजपाल लूम्बा के निर्देश पर नेशनल क्लब ने रावण बनाने की शुरुआत की थी, राजपाल लूम्बा को ही रावण बनाना आता था, लेकिन अब उनका निधन हो गया है. जिसके बाद से नेशनल क्लब की टीम के द्वारा रावण का निर्माण किया जा रहा है.
पिछले साल 101 फीट का बना था रावण: साल 2024 में विजयादशमी पर WRS मैदान में 101 फीट के रावण का दहन सीएम विष्णु देव साय ने किया था. दशहरा समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि WRS मैदान में पिछले 54 सालों से रावण दहन का आयोजन किया जाता रहा है. 2024 में 101 फीट का रावण और सत्तर सत्तर फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले बनाए गए थे.





