शिक्षक सम्मान समारोह में 500 शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों के इलाज को लेकर समिति की बड़ी घोषणा

दुर्ग : दुर्ग जिले के वैशाली नगर में शिक्षक दिवस के अवसर पर सर्व समाज कल्याण समिति ने शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया. इस विशेष अवसर पर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के 50 से अधिक स्कूलों के करीब 500 शिक्षक एक साथ उपस्थित हुए. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह और उनकी पूरी टीम मौजूद थी. जिन्होंने शिक्षकों का सम्मान किया.
शिक्षकों को मंच पर बुलाकर सम्मान : समारोह की शुरुआत में समिति के पदाधिकारियों ने शिक्षकों को सम्मान-पत्र, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया.इसके बाद शिक्षकों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया गया. मंच पर बारी-बारी से शिक्षकों को बुलाकर सम्मानित किया गया, जहां हर किसी के चेहरे पर गर्व और खुशी की झलक साफ नजर आ रही थी.इस अवसर पर अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि यह आयोजन डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर किया गया है, जो शिक्षा और ज्ञान के प्रतीक माने जाते हैं.





