बलरामपुर में एसीबी का एक्शन, रिश्वतखोरी के आरोप में पटवारी गिरफ्तार

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ में एजेंसियां भ्रष्टाचार के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन ले रही है. बलरामपुर में भी एसीबी की टीम ने बुधवार को दबिश दी. जिले के वाड्रफनगर तहसील क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने किसान से रिश्वत लेते हुए पटवारी को पहले ट्रैप किया. उसके बाद उसे गिरफ्तार किया है.गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम अब पटवारी से पूछताछ कर रही है.
13 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार: एसीबी ने वाड्रफनगर तहसील क्षेत्र के पंडरी गांव में यह एक्शन लिया है. यहां तैनात हलका पटवारी को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 13 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. पटवारी का नाम मोहन सिंह बताया जा रहा है. मोहन सिंह पर एक किसान से जमीन बंटवारे के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है.
किसान ने एसीबी से की थी शिकायत: पटवारी मोहन सिंह पर किसान ने लंबे समय से रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है. किसान का कहना है कि वह थक हारकर रिश्वत देने का मन बना लिया. इसके साथ ही उसने पटवारी को भी सबक सिखाने की ठानी और एसीबी कार्यालय में इसकी शिकायत की.
एसीबी ने बनाई योजना: रिश्वतखोर पटवारी को गिरफ्तार करने के लिए एसीबी ने योजना बनाई. उसके बाद एसीबी की टीम पंडरी गांव पहुंची. जैसे ही किसान पटवारी को रिश्वत की रकम दे रहा था, तभी वहां मौजूद पटवारी को रिश्वत की रकम के साथ एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गिरफ्तार कर लिया.
पटवारी को कोर्ट में किया जाएगा पेश: गिरफ्तार पटवारी से एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है. उसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम लगातार अलर्ट और एक्शन मोड में है. दो महीने पहले बलरामपुर के शंकरगढ़ में एसीबी ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए अरेस्ट किया था. अब एक और केस में एक पटवारी गिरफ्तार हुआ है.





