छत्तीसगढ़ में ऑल इंडिया विद्युत शटल बैडमिंटन टूर्नामेंट, 10 राज्यों की टीम पहुंची

रायपुर: 47वीं ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी शटल बैडमिंटन टूर्नामेंट राजधानी रायपुर में हो रहा है. यह 3 दिवसीय आयोजन है. 11 से 13 सितंबर तक प्रतियोगिता है. इसमें 10 राज्यों की पॉवर कंपनियों के खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं. रायपुर के मोवा बैडमिंटन कोर्ट में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है.
13 सितंबर तक बैडमिंटन प्रतियोगिता: टूर्नामेंट में करीब 300 मैच होंगे. जिसमें ओपन सिंगल, ओपन डबल और टीम इवेंट होंगे. इसकी मेजबानी छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज की सेंट्रल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल कमेटी कर रही है. स्पर्धा का समापन 13 सितंबर को होगा.
आयोजन समिति की ओर से दी गई जानकारी: आयोजन समिति के प्रमुख और कार्यपालक निदेशक (वित्त) एमएस चौहान ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन-जनरेशन कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव हैं. अध्यक्षता उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार करेंगे. वहीं विशेष अतिथि के रूप में पारेषण कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला और वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर मौजूद रहेंगे.
बैडमिंटन टूर्नामेंट में दस राज्यों के खिलाड़ी शामिल: इस टूर्नामेंट में पार्टिसिपेट करने के लिए दस राज्यों से खिलाड़ी आए हैं. यह सभी पावर कंपनियों में काम करते हैं.
- छत्तीसगढ़ के साथ ही ये टीमें शामिल
- कर्नाटका पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड
- कर्नाटका पावर कार्पोरेशन
- तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कार्पोरेशन लिमिडेट
- यूपी पावर कार्पोरेशन लिमिटेड
- केरल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड
- आंध्रप्रदेश ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड
- तेलंगाना ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड
- असम स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड
- दिल्ली ट्रांस्को लिमिटेड
युवा खिलाड़ियों को होगा फायदा: छत्तीसगढ़ में इतने बड़े आयोजन से बैडमिंटन के युवा खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा. वे नए नए खिलाड़ियों की तकनीक से वाकिफ हो सकेंगे. इससे राज्य के स्पोर्ट्स टैलेंट का विकास होगा. इसके अलावा जो युवा बैडमिंटन में अपना करियर बनाना चाहते हैं वो भी यहां मैच देख सकेंगे





