दंतेवाड़ा आईईडी ब्लास्ट में दो सुरक्षाकर्मी घायल, एरिया डोमिनेशन के दौरान हुआ धमाका

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए हैं. घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में भर्ती किया गया है. दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने इसकी पुष्टि की है.
दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने दी जानकारी: दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि थाना मालेवाही क्षेत्र में सीआरपीएफ 195 वाहिनी की कम्पनी सातधार और मालेवाही के बीच नक्सल विरोधी अभियान के तहत एरिया डोमिनेशन और डिमाइनिंग के लिए निकली थी. इसी दौरान लगभग सुबह 10:30 बजे सातधार पुल से 800 मीटर आगे नक्सलियों के लगाए प्रेशर आईईडी के चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए हैं.
घायल जवानों के बारे में जानकारी: दंतेवाड़ा ब्लास्ट में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. इनमें इंस्पेक्टर दीवान सिंह गुर्जर और आरक्षक आलम मुनेश शामिल हैं. दोनों जवानों को एयरलिफ्ट किया जा रहा है. दंतेवाड़ा एसपी ने बताया कि मालेवाही की घटना के बाद स्थिति पर फोर्स की नजर है.
बस्तर में आईईडी ब्लास्ट: बस्तर में नक्सली आईआईडी ब्लास्ट कर लगातार जवानों को नुकसान पहुंचाते रहे हैं. अब तक के बड़े आईईडी ब्लास्ट की घटनाओं पर एक नजर
- 9 अप्रैल 2025: बीजापुर में एक जवान IED ब्लास्ट में घायल हुआ.
- 7 अप्रैल 2025: अबूझमाड़ में आईईडी ब्लास्ट में एक ग्रामीण गंभीर रुप से घायल हुआ.
- 4 अप्रैल 2025: नारायणपुर में आईईडी ब्लास्ट, एक की मौत, एक घायल
- 30 मार्च 2025: बीजापुर में IED ब्लास्ट में एक महिला की मौत
- 28 मार्च 2025: आईईडी ब्लास्ट में बस्तर फाइटर्स का जवान घायल हुआ
- 24 मार्च 2025: बीजापुर में एसटीएफ की गाड़ी IED ब्लास्ट की चपेट में आई, जवान घायल हुआ
- 20 मार्च 2025: कांकेर नारायणपुर बार्डर पर माओवादियों से मुठभेड़ से पहले आईईडी ब्लास्ट, दो जवान घायल हुए
- 7 मार्च 2025: नारायणपुर में आईईडी ब्लास्ट, 1 मजदूर की मौत, दूसरा मजदूर घायल हुआ
- 15 फरवरी 2025: बीजापुर में प्रेशर आईईडी के फटने से सीआरपीएफ की कोबरा इकाई का एक कमांडो घायल
- 11 फरवरी 2025: सुकमा जिले में आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ का एक जवान घायल
- 3 जनवरी 2025 : डीआरजी के तीन जवान घायल हो गए, जब बीजापुर में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED में विस्फोट हुआ.
- 24 नवंबर 2024: सुकमा में IED विस्फोट, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड आरक्षक घायल हुआ.
- 29 सितंबर 2024: बीजापुर जिले में आईईडी विस्फोट में एक अधिकारी सहित पांच सीआरपीएफ जवान घायल हुए.
- 25 फरवरी 2024: सीएएफ का एक हेड कांस्टेबल आईईडी विस्फोट की चपेट में आया और उनकी मौत हो गई.





