बीजापुर में 8 लाख का इनामी नक्सली ढेर, बासागुड़ा और मोदकापाल से 7 हार्डकोर माओवादी गिरफ्तार

बीजापुर: एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान माओवादियों को लगातार बड़े झटके लग रहे हैं. कल 2 आठ आठ लाख के इनामी नक्सली मारे गए. आज फिर जवानों ने सर्चिंग अभियान के दौरान 8 लाख के इनामी माओवादी को ढेर कर दिया. मौके से हथियार और बीजीएल लॉन्चर बरामद किया गया. ककेकोरमा के जंगल में ये मुठभेड़ हुई. ककेकोरमा का जंगल बीजापुर के गंगालूर इलाके में पड़ता है.
7 हार्डकोर माओवादी गिरफ्तार: नक्सल विरोधी अभियान के दौरान जवानों ने बासागुड़ा और मोदकपाल थाना इलाके से 1 लाख के इनामी समेत 7 सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार किए गए माओवादियों के पास से विस्फोटक, बिजली का तार, कार्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, पावर सोर्स बैटरी, जमीन खोदने के औजार एवं प्रतिबंधित माओवादी संगठन के शासन विरोधी प्रचार-प्रसार की सामग्री बरामद की गई.
एनकाउंटर में मारा गया इनामी नक्सली अरूण मड़काम: मारे गए 8 लाख के इनामी नक्सली की पहचान अरुण मड़काम उम्र 35 साल के रुप में हुई है. नक्सल अरुण एंटापाट, थाना चिंतागुफा, जिला सुकमा का रहने वाला था. अरुण नक्सली संगठन में डीवीसीएम मिलिट्री कंपनी नंबर 2 के पद पर था.
साल 2024 में मिली निर्णायक बढ़त को आगे बढ़ाते हुए, वर्ष 2025 में भी बस्तर संभाग में प्रतिबंधित एवं गैरकानूनी सीपीआई (माओवादी) संगठन के विरुद्ध सुरक्षा बलों द्वारा सघन और निरंतर अभियान संचालित किए जा रहे हैं. इन अभियानों के तहत पिछले 21 महीनों (जनवरी 2024 से 13 सितम्बर 2025) में 432 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं, जो सुरक्षा तंत्र की प्रभावी रणनीति, साहसिक कार्रवाई और जनसमर्थन का प्रतीक है: सुंदरराज पी, आईजी बस्तर रेंज
जिले के काकेकोरमा के जंगलों में माओवादी कैडर की गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआरजी बीजापुर, एटीएफ एवं कोबरा 202 की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया जिसमें हमें बड़ी सफलता हाथ लगी: जितेंद्र यादव, एसपी, बीजापुर
नक्सल विरोधी अभियान रहेगा जारी: बस्तर आईजी ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ हमारा अभियान हर मौसम में जारी रहेगा. जवान कठिन परिस्थितियों में भी नक्सल विरोधी अभियान चलाते रहेंगे. बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि बस्तर के भौगोलिक दिक्कतों और मौसमी चुनौतियों के बीच जवान पूरे हिम्मत के साथ नक्सल मोर्चे पर काम कर रहे हैं.
डीआरजी टीम को मिली सफलता: नक्सल प्रभावित इलाके में संचालित माओवादी विरोधी अभियान के तहत डीआरजी बीजापुर, थाना बासागुड़ा एवं मोदकपाल द्वारा की गई कार्रवाई में सर्चिंग के दौरान ये सफलता मिली.
पकड़े गये माओवादियों के नाम
- गुड्डू कुड़ामी ऊर्फ पोकड़ी (पंगुड़ आरपीसी मिलिशिया कमाण्डर)उम्र 26 वर्ष, निवासी पंगुड थाना मोदकपाल, जिला बीजापुर, इसपर 1 लाख का इनाम घोषित है.
- इरपा कोसा (मिलिशिया सदस्य) उम्र 23 वर्ष, निवासी नेण्ड्रा, थाना बासागुड़ा.
- रेंगो पिड़गा (आरपीसी नेण्ड्रा कृषि शाखा सदस्य)उम्र 40 वर्ष, निवासी नेण्ड्रा मासोड़पारा, थाना बासागुड़ा.
- सन्ना कारम (मिलिशिया सदस्य)उम्र 20 वर्ष, निवासी पुजारी पारा नेण्ड्रा, थाना बासागुड़ा.
- कोसा ऊर्फ राजू (सीएनएम सदस्य) उम्र 28 वर्ष, निवासी मासोडपारा नेण्ड्रा, थाना बासागुड़ा.
- रेंगो गुट्टा (मिलिशिया सदस्य) उम्र 32 वर्ष, निवासी मासोड़पारा नेण्ड्रा, थाना बासागुड़ा.
- जोगो हेमला (मिलिशिया सदस्य) उम्र 32 वर्ष, निवासी मासोड़पारा, नेण्ड्रा, थाना बासगुड़ा.
विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई: पकड़े गये माओवादी आरोपियों के विरुद्ध थाना बासागुड़ा एवं मोदकपाल में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय प्रस्तुत किया गया है.





