विधायक के जन्मदिन समारोह में पॉकेटमारी, कार्यकर्ताओं की काटी जेब

बिलासपुर: तखतपुर मंडी चौक में दिनदहाड़े जेब कतरे घूम रहे हैं. यदि उस जगह पर आप किसी भीड़ का हिस्सा बन रहे है तो सावधान रहिए. इस बात का खुलासा तब हुआ जब विधायक के जन्मदिन समारोह में कई कार्यकर्ताओं का जेब कट गई.
विधायक के जन्मदिन समारोह में पॉकेटमारी: शनिवार को तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह का जन्मदिन था. भाजपा विधायक के जन्मदिन के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने मंडी चौक में स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया. इस दौरान वहां दो पॉकेटमार पहुंच गए. दोनों ने मिलकर कई बीजेपी कार्यकर्ताओं की जेब काट ली. किसी की जेब से 2 हजार, किसी की जेब से 5 हजार तो किसी की जेब से 31 रुपये पार कर लिए.
बीजेपी कार्यकर्ताओं की काटी जेब: तखतपुर में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करने वाले ग्राम बराही निवासी राजेन्द्र मेरसा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर लगभग 3 बजे जब वे भाजपा कार्यकर्ताओं साथ वह स्वागत कार्यक्रम में शामिल थे इसी दौरान उनके पीछे जेब में रखे लगभग 2000 रुपये किसी ने निकाल लिए.इसी दौरान अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने साथ हुई पाकेटमारी की शिकायत की. डॉ. अश्वनी गुप्ता के 31 हजार रुपये,दिलीप तोलानी के 5 हजार रुपये, प्रमोद निर्मलकर के 5 हजार रुपये और परमानंद धुरी के 3 हजार रुपये गायब होना बताया.
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार: पॉकेटमारी की शिकायत पर तखतपुर पुलिस ने जांच शुरू की. एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि भीड़ का फायदा उठाकर आरोपियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. प्रकरण में तुरंत जांच की गई. संदेह के आधार पर आरोपी प्रकाश संवरा को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया. जिसके बाद उसके साथी आरोपी हीरू संवरा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया. आरोपियों के पास से 18000 रुपये जब्त किए गए हैं. आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. एक अन्य आरोपी फरार है. उसकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.





