बेमौसम बारिश ने बढ़ाई कुम्हारों की परेशानी, नहीं सूख रहे दीये कैसे होगी कमाई

बलरामपुर : बलरामपुर रामानुजगंज में बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है.बारिश के कारण किसानों के दीये नहीं सूख पा रहे हैं.यदि नवरात्रि के पहले तक बारिश हुई तो किसानों को इससे बड़ा नुकसान होने का अंदेशा है.
तीन दिनों से हो रही है बारिश : जिले में शारदीय नवरात्र से पहले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश की वजह से पारंपरिक तौर से मिट्टी के दीये बनाकर बेचने वाले कुम्हारों के व्यवसाय पर संकट के बादल छाने लगे हैं. कुम्हारों को उम्मीद थी कि दीये बेचकर उन्हें अच्छी आमदनी होगी, लेकिन उनकी उम्मीदों पर बारिश ने पानी फेर दिया है. जिससे कुम्हारों के चेहरे पर मायूसी छा चुकी है.
बारिश की वजह से नहीं सूख रहे दीये : रामानुजगंज में परंपरा गत मिट्टी के दीये बनाने वाले कुम्हार लक्ष्मी प्रजापति ने ईटीवी भारत से बात करते हुए कहा कि वो नवरात्रि के लिए दीया बनाकर रखे हैं. लेकिन दीया बारिश के चलते सूख नहीं पा रहा है.
पिछले एक महीने से हम दीये तैयार करने में जुटे हुए थे पानी बरसने के चलते सब दीये कच्चे हैं. हमने चाक के लिए फॉर्म भी भरा था लेकिन शासन की तरफ से नहीं मिला है- लक्ष्मी प्रजापति, कुम्हार
नवरात्र पूजा के लिए हम मिट्टी के दीये बना रहे थे लेकिन पानी की वजह से धंधा मंदा चल रहा है. दीया सूखने में समस्या आ रहा है. बारिश की वजह से धूप नहीं मिल पा रहा है हमें नुकसान हो रहा है-संतोष प्रजापति, कुम्हार
मिट्टी के दीये बेचकर चलाते हैं रोजी रोटी : आपको बता दें कि नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों में दीप प्रज्वलित किया जाता है, इस दौरान मिट्टी के दीयों की भारी डिमांड रहती है. कुम्हार एक महीने पहले से नवरात्रि के लिए दीये तैयार करने में जुट जाते हैं.ताकि इनकी अच्छी आमदनी हो.लेकिन इस बार बेमौसम बारिश ने कुम्हारों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है.





