हिंदू युवा मंच ने घेरा रिसाली नगर निगम, कमीशनखोरी का लगाया आरोप, 11 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

भिलाई : हिंदू युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर रिसाली नगर निगम का घेराव किया. सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं के हाथों में गली-गली में शोर है, रिसाली निगम चोर है और रिसाली निगम मुर्दाबाद जैसे पोस्टर थे. हिंदू युवा मंच ने नगर निगम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.
निगम पर कमीशनखोरी का आरोप : हिंदू युवा मंच के पदाधिकारी अमित पुरोहित ने बताया कि वे लंबे समय से निगम को ज्ञापन सौंप रहे हैं.लेकिन समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा. उन्होंने कहा कि निगम सिर्फ कमीशनखोरी में व्यस्त है.आम जनता की परेशानी की ओर ध्यान नहीं दिया जाता.
कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी : प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निगम ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो मंच को और उग्र आंदोलन करना पड़ेगा. वहीं रिसाली निगम पीडब्ल्यूडी प्रभारी जहीर अब्बास ने बताया कि हिंदू युवा मंच ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है.
जनता में पनपा असंतोष : इस घेराव ने एक बार फिर निगम की कार्यप्रणाली और जनता के बीच बढ़ते असंतोष को उजागर कर दिया है.स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि इस बार उनकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा.





