शारदीय नवरात्रि का पहला दिन: दंतेश्वरी दरबार में दो उप मुख्यमंत्री और एक मंत्री देंगे हाजिरी

दंतेवाड़ा: शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां दंतेश्वरी शक्तिपीठ में आस्था और राजनीति का संगम देखने को मिलेगा. छत्तीसगढ़ के दोनों उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव दंतेवाड़ा दौरे पर रहेंगे. वे यहां मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगे. उनके साथ दंतेवाड़ा के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप भी मांई दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेंगे. तीनों नेता मां की पूजा अर्चना के बाद संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.
नवरात्रि के पहले दिन तीन मंत्रियों का दौरा: उप मुख्यमंत्री अरुण साव का यह दंतेवाड़ा का पहला प्रवास होगा, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. वहीं, गृहमंत्री विजय शर्मा लगातार बस्तर और दंतेवाड़ा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं. उनकी बार-बार की यात्राओं ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है. प्रभारी मंत्री होने के नाते केदार कश्यप दंतेवाड़ा जिले के विकास और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं.
मंत्रियों के स्वागत की तैयारी में बीजेपी कार्यकर्ता: भाजपा कार्यकर्ता इस मौके को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटे हैं. तीनों मंत्रियों के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए जा रहे हैं. पार्टी संगठन ने भी इस दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं. माना जा रहा है कि मंत्रियों की संयुक्त मौजूदगी से दंतेवाड़ा में राजनीतिक माहौल और अधिक सरगर्म होगा
नवरात्रि के पहले दिन मां दंतेश्वरी के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच यह दौरा श्रद्धा और शक्ति का संगम प्रस्तुत करेगा. दंतेवाड़ा में यह आयोजन सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं को दिशा देने के तौर पर भी देखा जा रहा है.
मां दंतेश्वरी की महिमा: दंतेश्वरी मंदिर देवी दंतेश्वरी को समर्पित एक मंदिर है और यह भारत भर में फैले 52 शक्तिपीठों में से एक है. यह मंदिर 14वीं शताब्दी में निर्मित है और दंतेवाड़ा में स्थित है, जो जगदलपुर से 80 किलोमीटर और छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से 350 किलोमीटर दूर स्थित है. यह राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है और रायपुर शहर से सड़क मार्ग से लगभग 7-8 घंटे की यात्रा दूरी पर है. दंतेश्वरी मंदिर भक्तों और पर्यटकों की आस्था का केंद्र है.





