छत्तीसगढ़ के 20 मजदूर यूपी के ईंट भट्टे में बंधक

जांजगीर चांपा: जांजगीर चांपा जिला से लगातार मजदूरों का पलायन जारी है. राज्य सरकार और केंद्र सरकार पलायन रोकने के लिए भले ही मुफ्त में राशन और रोजगार के सुविधा मुहैया कराने का दावा करती है लेकिन हकीकत में देखने पर सरकार की योजना फिसड्डी साबित होती नजर आ रही है.
मेकरी गांव के मजदूर यूपी में बंधक: पामगढ़ थाना के मेकरी गांव से मजदूरों के पलायन का मामला सामने आया है. यहां के 20 मजदूर उत्तर प्रदेश के ईंट भट्टे में काम करने गए थे. लेकिन अब ये मामला सामने आ रहा है कि उन्हें वहां बंधक बना लिया गया है. उन्हें ना ही वहां पैसा दिया जा रहा है और ना ही खाना दिया जा रहा है. उनसे मारपीट भी की जा रही है. इस बात का खुलासा तब हुआ तब ईंटभट्टा में काम करने गए एक मजदूर की पत्नी अपनी शिकायत लेकर जिला प्रशासन के पास पहुंची.
पति और दूसरे लोगों को छुड़ाने महिला की गुहार: महिला का नाम प्रभा सूर्यबंशी है. जो मेकरी गांव कां रहने वाली है. प्रभा सूर्यवंशी शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंची और बताया ” पति काम करने यूपी के हरदासपुर में ईंट भट्टे में काम करने गए थे. उनके साथ 15 से ज्यादा लोग भी है. उनके साथ मारपीट की जा रही है. खाना नहीं दिया जा रहा है. मोबाइल भी छीन लिया गया है. किसी तरह पति ने इस बारे में उन्हें जानकारी दी. जिसके बाद कलेक्टर से पति को छुड़ाने गुहार लगाने आई हूं.” प्रभा सूर्यबंशी ने जिला प्रशासन से अपने पति सहित बाकी लोगों को छुड़ाने की अपील की.





