बलरामपुर में अक्टूबर में मूसलाधार बारिश, नदी नाले उफान पर, जनजीवन हुआ प्रभावित

बलरामपुर रामानुजगंज : बलरामपुर जिले में लगातार तीन चार दिनों से हो रही झमाझम बारिश से सभी नदी नाले उफान पर हैं. वहीं मूसलाधार बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है. बारिश के मद्देनजर नगर पालिका स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम भी अलर्ट पर है और गश्त कर रही है. रामानुजगंज में कन्हर नदी एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है. जिले की कन्हर, सेंदुर, गागर, इरिया,चनान, रिगड़, गलफुला, गेऊर बांकी सहित अन्य सभी नदियां और बरसाती नाले, जलाशय और तालाबों का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है.
चार दिनों से हो रही जिले में बारिश : रामानुजगंज में रहने वाले स्थानीय नागरिक अमित गुप्ता ने ईटीवी भारत से बात करते हुए कहा कि पिछले चार दिनों से जिले में मूसलाधार बारिश हो रही है जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है. किसानों के खेतों में लबालब पानी भरा हुआ है.कन्हर एनीकट में पानी पूरे उफान पर है. लगातार बारिश से नदी नाले में पानी भरा हुआ है.
इस संबंध में रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू ने कहा कि लगातार भारी बारिश से नदियों नालों का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस टीम नदी के आसपास राम मंदिर घाट, शिव मंदिर घाट, महामाया मंदिर घाट और एनीकट के आसपास पेट्रोलिंग कर रही है. साथ ही लोगों को नदी के नजदीक नहीं जाने की समझाइश भी दी जा रही है.
बारिश के मद्देनर प्रशासन अलर्ट : बलरामपुर जिले में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर प्रशासन भी अलर्ट है. नगर पालिका की टीम नदी के आसपास और निचले इलाकों में भ्रमण कर जायजा ले रही है. पुलिस टीम भी कन्हर नदी के आसपास में पेट्रोलिंग कर रही है. जिससे किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो सके.





