कांग्रेस की अंत्येष्टि के लिए छत्तीसगढ़ तैयार, पार्टी के सभी चेहरों पर लगी कालिख : अजय चंद्राकर

रायपुर :छत्तीसगढ़ की सियासत में फिर से बयानबाजी की जंग छिड़ गई है. बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंत्येष्टि के लिए पर्याप्त संख्या में लोग तैयार हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी चेहरों पर कालिख लगी है और अब पार्टी के पास कोई भी ऐसा चेहरा नहीं बचा है, जो उसे उबार सके.
लालू की छाया में जी रहे हैं भूपेश बघेल : बिहार विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल को सीनियर ऑब्जर्वर बनाए जाने पर अजय चंद्राकर ने कहा कि बघेल लालू प्रसाद की छाया में जी रहे हैं . उन्हें चाहे बिहार का सीनियर ऑब्जर्वर बना दो या सुपर ऑब्जर्वर, सवाल यह है कि वे सीट कितनी जीतेंगे.जब तक भूपेश बघेल राज्य से बड़ी भूमिका नहीं निभाते, तब तक उन्हें नेता नहीं माना जा सकता.
कांग्रेस हार की जिम्मेदारी अब गांधी परिवार पर डालने की कोशिश कर रही है.राहुल गांधी और गांधी परिवार को हार के लिए जिम्मेदार ठहराना कांग्रेसियों के लिए ब्रह्म हत्या के समान पाप है.राहुल गांधी को पाक-साफ दिखाने के लिए कांग्रेस बार-बार केंद्रीय एजेंसियों को निशाना बना रही है. यह उनका पुराना राजनीतिक फैशन बन गया है- अजय चंद्राकर, बीजेपी विधायक
कांग्रेस में न नेता बचे न कार्यकर्ता : संगठन सृजन अभियान पर भी अजय चंद्राकर ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब न तो कार्यकर्ता बचे हैं, न ही कोई ऐसा नेता जो संगठन को खड़ा कर सके. जितने लोग बचे हैं, वे सभी किसी न किसी पद के दावेदार हैं. इस हालत पर केवल सहानुभूति ही जताई जा सकती है.
एनएसयूआई के कार्यकर्ता अब पढ़ाई-लिखाई से दूर हो चुके हैं. उनके पास शैक्षणिक मुद्दों पर कहने के लिए कुछ नहीं है.वे बच्चे हैं, बेचारे पढ़ने की उम्र में राजनीति कर रहे हैं. मैं गृहमंत्री विजय शर्मा जी से कहूंगा कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए.
कांग्रेस के सभी चेहरे पर लगी हुई है कालिख : वहीं जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए कांग्रेस द्वारा तैयार किए गए बिंदुओं को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि 12,24 और 36 बिंदु पहाड़ की तरह चाहे जितना लंबा बिंदु तैयार कर ले. सवाल ये है कि उनके पास इससे उबरने के लिए कोई चेहरा नहीं बचा है, सारे चेहरों पर कालिख लगी हुई है.





