ग्वालियर में दिखी बर्निंग बस, जलकर हुई खाक, सवार थे 30 से अधिक यात्री
ग्वालियर: बीती रात आगरा से छतरपुर जा रही बस में आग लगने की घटना सामने आई है. हादसे के समय बस में 30 से 35 लोग सवार थे. ड्राइवर की सूझबूझ और यात्रियों की समझदारी से बड़ी अनहोनी टाल गई, लेकिन आग की चपेट से पूरी बस जलकर खाक हो गई. माना जा रहा है कि बस की छत पर रखा कोई सामान शायद हाइटेंशन लाइन से छू गया, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ. इस मामले को लेकर पुलिस और दमकल विभाग की तकनीकी टीम घटना की जांच कर रही है.
छतरपुर की ओर जा रही थी यात्री बस
घटना ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में घटित हुई. सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात नेशनल हाईवे पर आगरा से यात्री बस ग्वालियर होते हुए छतरपुर-पन्ना की ओर जा रही थी. तभी अचानक बस के इंजन में आग का धुआं उठने लगा. ये देखते ही चालक ने बस को किनारे पर खड़ा किया और तत्काल सभी यात्री बस से उतर गए. वहीं, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चंद मिनटों में पूरी बस को आग ने अपनी चपेट में ले लिया.
आग बुझाने दमकल को करनी पड़ी मशक्कत
घटना के बाद ग्वालियर के दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी गई, तुरंत फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची. लेकिन आग इतनी बेकाबू हो चुकी थी कि एक और फायर ब्रिगेड वाहन बुलानी पड़ी, जिसके बाद आग बुझाई जा सकी.
फायर ऑफिसर अतिबल सिंह यादव ने बताया कि “बस के नंबर दोनों ओर से जल चुके थे और मौके पर कोई भी सवारी या गाड़ी चालक नहीं मिले. उनका घंटों इंतजार भी किया गया, लेकिन कोई नहीं आया. इसलिए अभी बस के संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस गुड़गांव साइड से आ रही थी. ये हादसा इंजन में शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा. घटना की जांच की जा रही है.”





