महादेव घाट में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, गोताखोरों की टीम तैनात, सुरक्षा भी हुई कड़ी

रायपुर : रायपुर में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है. विसर्जन कुंड पर तैयारी भी नगर निगम के पूरी कर ली गई है. सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षा के लिहाज से विसर्जन कुंड के पूरे कैंपस में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. बड़े दुर्गा प्रतिमाओं के लिए 6 क्रेन की व्यवस्था भी की गई है. इसके साथ ही दुर्गा प्रतिमाओं का सम्मानपूर्वक विसर्जन हो इसके लिए 90 गोताखोर की तीन शिफ्ट में ड्यूटी भी लगाई गई है. बुधवार से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का दौर शुरू हो गया है. आने वाले तीन-चार दिनों तक दुर्गा प्रतिमाएं महादेव घाट के विसर्जन कुंड में विसर्जित की जाएगी.
महादेव घाट में होगा प्रतिमाओं का विसर्जन : हर साल की तरह इस साल भी राजधानी के महादेव घाट पर स्थित विसर्जन कुंड पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है. बुधवार को तीन दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ है. आने वाले तीन-चार दिनों तक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन चलता रहेगा.
तीन प्रतिमाओं का विसर्जन : नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी विसर्जन कुंड में नए सिरे से पानी भर दिया गया है. दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है. अब तक की स्थिति में तीन दुर्गा प्रतिमा विसर्जित की जा चुकी है.
महादेव घाट पर बढ़ाई गई सुरक्षा : सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के जवान भी विसर्जन कुंड स्थल पर तैनात कर दिए गए हैं. किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरे कैंपस को सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जा रही है. एक अस्थाई कार्यालय भी बनाया गया है जहां पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाएगी. होमगार्ड के जवान के साथ ही गोताखोर की टीम भी आने वाले तीन-चार दिनों तक ड्यूटी पर तैनात रहेंगे.





