धमतरी में कुत्तों की नसबंदी में लापरवाही, 3 दिन से पकड़ने का काम जारी लेकिन नहीं पहुंचे डॉक्टर, खाने-पीने की भी व्यवस्था सही नहीं
धमतरी: नगर निगम कुत्तों के बधियाकरण को लेकर विवादों में है. एक बार फिर नगर निगम की लापरवाही सामने आई है. दरअसल, सुभाष नगर वार्ड में स्ट्रीट डॉग को रखने के लिए शेल्टर होम बनाया गया है लेकिन वहां सुविधाएं नहीं होने का आरोप लग रहा है. 3 दिनों से स्ट्रीट डॉग को पकड़ कर लाया तो गया है लेकिन व्यवस्था की काफी कमी है.
कुत्ते भूखे-प्यासे रखे गए: जानकारी के अनुसार हरियाणा के नयन फाउंडेशन को बधियाकरण के लिए ठेका दिया गया है लेकिन डॉक्टर अभी तक नहीं पहुंचे है. यहां दो दर्जन कुत्तों को भूखे प्यासे रखा गया है. हालांकि कुत्तों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए शहर के डॉग्स लवर की ओर से खाना और पानी ले जाकर दिया जा रहा है.
जांच के बाद नोटिस की बात: शहर से कुत्तों को नसबंदी के लिए पकड़ने वाले यूपी से पहुंचे मित्रपाल का कहना है कि, हम तीन दिनों से शहर के कुत्तों को पकड़कर ला रहें है लेकिन अभी यहां डॉक्टर नहीं है, हमें जो बोला गया है वो कर रहे हैं. इस मामले पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के सभापति निलेश लुनिया ने कहा कि आपके माध्यम से मुझे संज्ञान में यह बात आई है जांच करवाने के बाद संबंधित एजेंसी को नोटिस दिया जाएगा.
कुत्तों के लिए सही डाइट भी जरूरी है लेकिन यहां पर जिस मात्रा में खाना दिया जा रहा है वह कुत्तों के लिए काफी कम है. यहां एक साथ कुत्तों को रख दिए हैं जिससे डॉग फाइट की भी आशंका है- डॉग लवर पियूष पारख
गंदगी और अव्यवस्था का आलम: सुभाष नगर वार्ड के सामुदायिक भवन में कुत्तों के बधियाकरण के लिए नगर निगम की ओर से केज बनाया गया है. कुत्तों को तीन दिनों से यहां लाया गया है लेकिन डॉग लवर का कहना है कि, यहां ना साफ-सफाई की व्यवस्था है ना खाना पर्याप्त दिया जा रहा है. अंदर जाना तक मुश्किल है.





