छठ महापर्व 2025: नहाए खाए के साथ छठ पूजा की शुरुआत, महापौर ने किया घाट का निरीक्षण
कोरबा: भगवान सूर्य की आराधना का महापर्व छठ इस बार 27 अक्टूबर को है. इस अवसर पर रवि योग का विशेष संयोग भी बन रहा है. पर्व की शुरुआत आज 25 अक्टूबर को नहाय-खाय से हो चुकी है. 26 को खरना और 27 को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. 28 अक्टूबर को अरुणोदय काल में अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा. यह व्रत सुख-समृद्धि और संतान प्राप्ति के लिए किया जाता है. कोरबा जिले में छठ पर्व को महापौर संजू देवी राजपूत निगम के अधिकारियों के साथ छठ घाटों का दौरा कर रही हैं. कोरबा जिले में 23 स्थान पर छठ घाट का निर्माण होता है. जहां सूर्य उपासना का महापर्व मनाया जाता है. इस वर्ष घाटों में विशेष तैयारी की गई है.
छठ महापर्व 2025: छठ महापर्व को लेकर प्रदेश की ऊर्जाधानी कोरबा में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों की तैयारी पूरी हो चुकी है. बड़े औद्योगिक संस्थाओं के मौजूद होने के कारण कोरबा को मिनी भारत भी कहा जाता है. जहां अलग-अलग प्रांत के लोग निवास करते हैं. कोरबा में बड़ी तादाद में पूर्वांचल के लोग भी निवासरत हैं.नहाय खाय के साथ पर्व की शुरुआत: छठ के लिए जरूरी पूजा सामाग्रियों की खरीदारी भी हो रही है. मुड़ापार, बुधवारी बाजार, इतवारी बाजार के साथ-साथ अन्य उपनगरीय इलाकों में बांस की टोकरी और सूपा लेकर बेचने के लिए छोटे कारोबारी पहुंचने लगे हैं. बड़ी संख्या में लोग बाजार से पूजा सामग्री की खरीदी कर रहे हैं.
सूर्य की उपासना का पर्व: 4 दिन तक चलने वाले सूर्य उपासना का महापर्व आज से शुरु हो गया है. यह पर्व कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक चलता है. कार्तिक माह में मनाए जाने वाले छठ का अपना विशेष महत्व है. कार्तिक में छठ करने वाले व्रतियों की संख्या ज्यादा रहती है. कार्तिक माह की चतुर्थी तिथि के दिन व्रती नदी और सरोवर में स्नान कर अपने शरीर को शुद्ध करेंगे और व्रत के लिए खुद को तैयार करेंगे. इसे नहाय-खाय के नाम से जाना जाता है. नहाए खाए के दिन छठ व्रती और घर के लोग शुद्र शाकाहारी भोजन ग्रहण करते हैं. नहाए खाए के साथ इसके साथ ही 36 घंटे तक निर्जला व्रत की शुरुआत हो जाती है.
छठ के लिए की गई विशेष तैयारी: महापौर संजू देवी राजपूत ने बताया कि कोरबा जिले में पूर्वांचल क्षेत्र के लोग अच्छी खासी संख्या में रहते हैं. बड़ी संख्या में लोग छठ महापर्व मनाते हैं. इस बार हमने घाटों पर खास इंतजाम किए हैं. हमारी कोशिश है कि छठ व्रतियों को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो. निगम अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने कहा कि छठ एक आस्था का पर्व है और उसके अनुसार ही निगम ने इसकी तैयारी की है. इस वर्ष हमने साफ-सफाई पर विशेष फोकस किया है. छठ वाले दिन किसी श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो, इस बात का भी ख्याल रखा जा रहा है.





