बेमेतरा एक्सीडेंट: पीड़ित परिवार और लोगों के हंगामे के बाद आरोपी युवक गिरफ्तार
बेमेतरा: बीती रात बेमेतरा की सड़कों में तेज रफ्तार गाड़ी से 5 वाहनों को ठोकर मारने वाले आरोपी वाहन चालक मेहर सिंह सलूजा उर्फ क्रिश को बेमेतरा सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
सड़क में दौड़ी थी मौत: घटना रविवार रात की है जब अनियंत्रित डिफेंडर वाहन ने शहर के अलग अलग इलाकों में 5 वाहनों को ठोकर मारी जिसमें से 1 व्यक्ति की मौत हो गई. 8 लोग घायल हुए. 2 घायलों को रायपुर रेफर किया गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर का घेराव कर तोड़फोड़ की, आंशिक शहर बंद का आह्वान किया गया. बेमेतरा शहर छावनी में बदल गया. पीड़ितों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे.
सोमवार को भीखम राम साहू उम्र 27 साल ग्राम बगौद थाना चंदनू जिला बेमेतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराया. रिपोर्ट के मुताबिक 26 अक्टूबर को गाड़ी नंबर CG 07 CA 7581 में ग्राम बैजलपुर से ग्राम बगौद छट्ठी कार्यक्रम से वापस आते समय रात करीब 8 बजे बेमेतरा से दुर्ग रोड पर डिफेंडर वाहन क्रमांक CG 25 P 9988 का चालक मेहर सिंह सलूजा उर्फ क्रिश ने अनियंत्रित वाहन चलाया और पिकअप को पीछे से टक्कर मारी जिससे गाड़ी में सवार जीवन राम साहू की मौत हो गई. 8 लोग घायल हुए.
आरोपी हुआ गिरफ्तार, इन धाराओं में हुई कार्रवाई: पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 281,125(ए),105 बीएनएस, 112/183 मोटर व्हिकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की. सोमवार शाम आरोपी मेहर सलूजा को गिरफ्तार किया. आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है.





