सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार से कांग्रेस को ऐतराज , कलेक्टर ने निरीक्षण के बाद लगाई फटकार
बालोद: बालोद शहर में लोक निर्माण विभाग के अंडर में बन रही सड़क शुरुआत से ही विवादों में घिर गई है. पहले सड़क की चौड़ाई तय नहीं थी. जिसे लेकर सवाल उठाए गए.वहीं अब जब सारी चीजों को सही कर लिया गया है, तो धीमी कार्य गति से जनता नाराज है. जिसे लेकर कांग्रेस ने आवाज उठाई है.
कांग्रेस का आंदोलन : जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने बताया कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में आंदोलन किया गया है. उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के मद्देनजर निर्माण कार्य अविलंब पूर्ण किया जाना चाहिए.
कलेक्टर ने सड़क का किया निरीक्षण : मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने स्वयं निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई. इसके बाद अब सड़क निर्माण का काम तेजी से शुरु कर दिया गया है. कलेक्टर ने कहा है कि कार्य को नियमानुसार किया जाए.इस दौरान विभागों के साथ मिलकर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
कहां से कहां तक बन रही है सड़क : बताया जा रहा है कि मिनी माता चौक से लेकर मधु चौक तक लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से सड़क और डिवाइडर निर्माण काम किया जा रहा है.निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति बाधित है. विभाग को तत्काल पाइपलाइन सुधारने के निर्देश दिए गए हैं.
अतिक्रमण के कारण भी देरी : वहीं डिवाइडर निर्माण के लिए सड़क की चौड़ाई बढ़ाने पर भी चर्चा चल रही है, लेकिन अब तक खंबे, पेड़ और सड़क के किनारे मौजूद अतिक्रमण को नहीं हटाया गया है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक चौड़ीकरण पूरा नहीं होगा, तब तक ट्रैफिक दबाव और दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहेगी.





