दुर्ग में बिजली टावर परियोजना से प्रभावित किसानों का प्रदर्शन, मुआवजे की मांग, आत्मदाह की कोशिश

दुर्ग: जिले में 400 केवी विद्युत ट्रांसमिशन टावर परियोजना को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. गुरुवार को हजारों की संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. किसानों ने जमीन में बैठकर धरना दिया और अपने मुआवजे की मांग को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी. वहीं प्रदर्शन के दौरान एक किसान नेता ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की भी कोशिश की, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोक लिया.
क्या है परियोजना: आपको बता दें कि मेड़ेसरा पावर ग्रिड से धमतरी जिले के कुरूद तक लगाए जा रहे इन टावरों से 19 गांवों के करीब 1500 किसान प्रभावित हैं. किसानों का कहना है, कि शासन द्वारा 10 मार्च 2025 को जारी आदेश के अनुसार टावर बेस की भूमि के लिए 200 प्रतिशत और तारों के नीचे की भूमि के लिए 30 प्रतिशत मुआवजा दिया जाना चाहिए था. लेकिन प्रशासन ने इस आदेश का पालन नहीं किया.
खुद पर डाला पेट्रोल: मुआवजा में हुई इस कटौती से नाराज किसानों ने नगपुरा में भी जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान एक किसान नेता ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोक लिया.
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उचित मुआवजा नहीं मिला तो आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा.





