बिजली बिल हाफ योजना बंद होने का विरोध, कांग्रेस ने की बिजली दफ्तर में तालाबंदी

पंडरिया : पंडरिया में कांग्रेस नेता नवीन जायसवाल के नेतृत्व में बिजली बिल हाफ योजना को बंद करने का विरोध किया गया. आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में 400 यूनिट तक की बिजली बिल हाफ योजना को घटाकर 100 यूनिट किया गया है.जिसके बाद हर जगह इसका विरोध हो रहा है. पंडरिया, पांडातराई सहित ब्लॉक के सभी बिजली विभाग के कार्यालयों पर कांग्रेस ने एक साथ विरोध प्रदर्शन किया.इस दौरान बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर कार्यालय में तालाबंदी की गई. बढ़े हुए बिजली बिल के विरोध में पंडरिया बिजली विभाग कार्यालय में तालाबंदी धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम से तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा.
आम जनता पर सरकार कर रही अत्याचार : कवर्धा कांग्रेस किसान के जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने राज्य की बीजेपी सरकार को कोसते हुए कहा कि बीजेपी सरकार हाफ बिजली बिल योजना के तहत 400 यूनिट की सीमा को समाप्त कर आम जनता के ऊपर अत्याचार कर रही है. बिजली की दरों में हुई बढ़ोतरी और हाफ बिजली बिल योजना को समाप्त किए जाने से आम जनता को बिजली बिल के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ेगा.





