रायपुर. छत्तीसगढ़ में चल रही Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को लेकर कांग्रेस ने आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात की. पार्टी का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान ग्रामीणों, किसानों, मजदूरों और दूसरे राज्यों से आई महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने समय सीमा 3 महीने बढ़ाने की मांग रखी.
किसानों-मजदूरों और महिलाओं को हो रही परेशानी: कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि इस समय धान कटाई का दौर चल रहा है, ऐसे में किसान और मजदूर घरों से बाहर रहते हैं, जिसके कारण वे SIR की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे. दूसरे राज्यों से शादी के बाद छत्तीसगढ़ आई महिलाओं को भी दस्तावेज़ और पहचान संबंधी औपचारिकताओं में मुश्किलें हो रही हैं. इन परिस्थितियों के चलते बड़ी संख्या में लोगों का SIR अपडेट प्रभावित हो रहा है.
SIR की अवधि बढ़ाने की मांग: त्रिवेदी ने कहा कि आयोग ने एक सप्ताह की समय सीमा बढ़ाई है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है. उन्होंने याद दिलाया कि शुरू में तय एक महीने की अवधि ही बहुत कम थी और अब अतिरिक्त एक सप्ताह भी समस्याओं का समाधान नहीं कर पाएगा.
हमने स्पष्ट मांग रखी कि SIR की समय सीमा कम से कम 3 महीने तक बढ़ाई जाए ताकि सभी पात्र नागरिक प्रक्रिया में शामिल हो सकें– शैलेश नितिन त्रिवेदी, कांग्रेस नेता
इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, और पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल थे. सभी ने मिलकर आयोग को विस्तृत ज्ञापन सौंपा और तत्काल समाधान की अपेक्षा जताई.