पेट दर्द को हल्के में न लें, इंदौर में महिला के पेट से निकले 15 किलो के 2 ट्यूमर

इंदौर: पेट में लगातार होने वाले सामान्य दर्द की वजह ट्यूमर भी हो सकती है. इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल में ऐसे ही एक महिला मरीज की परेशानी के बाद जब जांच की गई तो पेट में 15 किलो के दो ट्यूमर निकले. जिसे देख डॉक्टर भी हैरान रह गए. इसके बाद सर्जरी के जरिए मरीज की जान बचाई जा सकी.
लंबे समय से पेट दर्द से जूझ रही थी महिला
खरगोन जिले के ग्राम दबिया में रहने वाली मसाली बाई लंबे समय से पेट दर्द की शिकायत से जूझ रही थी. कई बार उसने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन हर बार डॉक्टर उसे पेट दर्द की दवाई देकर वापस घर भेज देते थे. बीते दिनों जब दर्द के कारण उसका रहना मुश्किल हो गया तो मरीज को इंदौर के MY हॉस्पिटल के सर्जरी विभाग में जांच के लिए लाया गया.
पेट से निकले 15 किलो के 2 ट्यूमर
यहां डॉक्टर अरविंद शुक्ला और डॉ. सोमेन भट्टाचार्य ने जांच की तो पता चला मरीज की ओवरी में ट्यूमर या सिस्ट है. इसके बाद दोनों डॉक्टरों के अलावा डॉ अविनाश गौतम, डॉ उपेन्द्र पाण्डेय एवं डॉ रामेंद्र गुर्जर एवं अन्य जूनियर डॉक्टर ने मरीज की सर्जरी की तो महिला के पेट से करीब 15 किलो की दो गठानें निकली, इतनी बड़ी घटाने देखकर मेडिकल स्टाफ भी आश्चर्य में पड़ गया.
इलाज के अभाव में चली जाती जान
मामले की जानकारी देते हुए डॉ. उपेंद्र ने बताया, ”50 वर्षीय महिला को लंबे समय से पेट दर्द की शिकायत थी और पेट भी फुला हुआ था. जिसके कारण उसे परेशानी हो रही थी.” उन्होंने बताया, ”इस तरह की बीमारी को ओवेरियन कॉम्प्लेक्स सिस्ट अथवा यूटरस का ट्यूमर कहा जाता है. जिसमें इलाज अथवा सर्जरी न करने पर मरीज की जान को खतरा हो सकता है.
इस मरीज का ट्यूमर भी लगातार बढ़ रहा था, जिसके कारण उसे दर्द भी लगातार बढ़ रहा था. हाल ही में महिला का सफल ऑपरेशन किया गया. इसके बाद उसकी जान बचाई जा सकी. अस्पताल में फ्री इलाज के बाद महिला एवं उसके परिजन खासे खुश हैं.





