गुमला में विक्षिप्त पति ने ली पत्नी की जान, खाना खाने को लेकर हुआ था विवाद

गुमलाः जिला में सदर प्रखंड के टोटो थाना क्षेत्र अंतर्गत टोटो नवाटोली में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ने खाना खाने को लेकर हुए विवाद में टांगी से मारकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. जिसकी सूचना पर पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
इस घटना के विषय में आरोपी की बहन सुशीला देवी ने बताया है कि मंगलवार को सरोज उरांव (39 वर्ष) के द्वारा अपने पति संदीप उरांव का इलाज कराने के लिए गांव के एक वैद्य के पास गयी थी. क्योंकि कुछ दिनों से सरोज के पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. इलाज केबाद घर लौटने के बाद सरोज खाना निकाल रही थी इसी बीच पति संदीप भागने लगा जिसे कुछ दूर से पकड़ कर घर लाया गया.
इसी दौरान पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा. इसके बाद घर में रखी टांगी निकाल कर पति संदीप उरांव ने सरोज के सिर पर जोरदार वार कर दिया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पति को पकड़ कर रखा और पुलिस के हवाले कर दिया.
इस घटना की सूचना पुलिस को ग्रामीणों द्वारा दी गई. जिसके बाद एसडीपीओ व गुमला थानेदार सुरेंद्र करमाली, टोटो थाना प्रभारी उदेश्वर मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. साथ ही मौके से आरोपी संदीप उरांव को हिरासत में लेकर थाना लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त किए गए टांगी भी जब्त कर लिया.
सरोज उरांव का पूर्व में शिवपुर डुमरला पहली शादी हुई थी. जिससे एक बेटी है जो कस्तूरबा में पढ़ाई करती है. पहले पति की मौत हो जाने के बाद लगभग 4 वर्ष पहले दूसरी शादी संदीप उरांव से की थी. जिससे ढाई साल का बेटा है.
इस घटना के विषय में गुमला एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी और दोनों के बीच विवाद होने के बाद घटना को अंजाम दिया गया. वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार टांगी व ब्लड सैम्पल बरामद कर छानबीन की जा रही है, आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.





