छत्तीसगढ़ के पत्रकार राजस्थान के इतिहास और संसदीय परंपराओं से हुए रूबरू
पत्रकारों और जनसंपर्क अधिकारियों ने राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी से की शिष्टाचार भेंट

#-राजस्थान विधानसभा भवन में स्थित म्यूजियम का किया अवलोकन
पत्थलगांव–/। छत्तीसगढ़ से राजस्थान की यात्रा पर निकले पत्रकारों और जनसंपर्क अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपने शैक्षणिक एवं अध्ययन भ्रमण के अंतर्गत मंगलवार को जयपुर में राजस्थान विधानसभा का दौरा किया। इस अवसर पर पत्रकारों ने राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से भेंट कर लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर संक्षिप्त संवाद किया तथा उनके साथ सामूहिक फोटो ग्राफी कराते हुवे, विधानसभा भवन में जनसंपर्क विभाग राजस्थान के वरिष्ठ अधिकारी गोपेन्द्र नाथ भट्ट जी के साथ पत्रकारिता पर चर्चा करते हुवे जलपान किया।
पत्रकारों के दल ने विधानसभा परिसर स्थित म्यूजियम का अवलोकन कर राजस्थान राज्य के गठन, लोकतांत्रिक परंपराओं तथा विधानसभा के गौरवशाली इतिहास की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने विधानसभा की दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन को नजदीक से देखा और सदन के संचालन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की।
अधिकारियों द्वारा संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रियाओं एवं सदस्यों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। भ्रमण के अंत में पत्रकारों ने इस अध्ययन यात्रा को ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे संसदीय व्यवस्था की समझ और अधिक मजबूत हुई है, जो उनके पत्रकारिता कार्य में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा,विशिष्ठ सहायक के के शर्मा, प्रेस सलाहकार गोपेंद्र नाथ भट्ट, छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक जितेंद्र नागेश, उप संचालक राहुल सोन, सहायक संचालक मनोज कुमार सिंह, सहायक संचालक रमेश भार्गव तथा सहायक जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश डहरिया सहित जशपुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिपाठी एवं छत्तीसगढ़ के 23 अन्य वरिष्ठ पत्रकारों का दल उपस्थित था।
बाद में पत्रकार दल ने जयपुर में हवामहल और आमेर किला एवं अन्य धरोहर स्थलों का भ्रमण भी किया। जयपुर भ्रमण के पश्चात यह दल बीकानेर और जैसलमेर का भ्रमण करते हुवे वापस छत्तीसगढ़ लौटेगी।





