राष्ट्रीय पक्षी मोर का रेस्क्यू, ग्रामीण के घर से वन विभाग ने किया बरामद

कोरिया : वनविभाग ने घर में पाले जा रहे राष्ट्रीय पक्षी मोर का रेस्क्यू किया है. बैकुंठपुर वनपरिक्षेत्र अंतर्गत गेल्हापानी सर्किल के मदनपुर बीट में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. सूचना मिलने पर वनरक्षक शैलेश प्रजापति अपनी टीम के साथ संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचे.जहां उन्होंने देखा कि राष्ट्रीय पक्षी मोर के अंडों को मुर्गी की मदद से सेकर चूजे पैदा किए गए और इसके बाद उन्हें पाला गया.
मौके पर मिले तीन मोर
कार्रवाई के दौरान एक मोर करीब दो वर्ष का जबकि दो मोर एक-एक वर्ष की उम्र के पाए गए हैं. तीनों मोरों को सुरक्षित पकड़कर छिंदडांड़ वन कार्यालय लाया गया. इनमें से एक मोर को पकड़ने में वन अमले को करीब चार घंटे की मशक्कत करनी पड़ी. वन विभाग के अनुसार तीनों मोरों को अब अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में सुरक्षित वातावरण में छोड़ा जाएगा.
इस कार्रवाई के दौरान वनरक्षक शैलेश प्रजापति के साथ भूपेंद्र सोनपाकर एवं वन प्रबंधन समिति के सदस्य भी मौजूद थे. वनरक्षक शैलेश प्रजापति ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल से मोर के अंडे लाकर पाल रहे हैं.सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर मोर का रेस्क्यू किया.
संरक्षित प्रजाति का पक्षी है मोर
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगली जानवरों और पक्षियों का शिकार न करें और न ही उन्हें पालें.मोर एक संरक्षित पक्षी है,इसे पालना और इसका शिकार करना गैर कानूनी है.





