कोरबा बांगो बांध छलकने के करीब, बन रही गेट खोलकर पानी बहाने की संभावना

कोरबा: बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. कैचमेंट एरिया से बारिश का पानी तेजी से बांध में आ रहा है. इससे बांध में पानी का भराव 88.76 फीसदी यानी 355.82 मीटर तक पहुंच गया है. जैसे ही तीन मीटर पानी और भरेगा, मिनीमाता बहुउद्देशीय परियोजना बांगो बांध प्रबंधन की ओर से हसदेव नदी में पानी छोड़ा जाएगा. इसके लिए प्रबंधन ने तैयारी कर ली है.
पानी छोड़ने का किया गया है ट्रायल : प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार गेट खोलकर पानी छोड़ने ट्रायल भी किया जा रहा है. जिले में रुक रुककर बारिश हो रही है, लेकिन कोरिया जिले में अच्छी बारिश से मिनीमाता हसदेव बांगो में पानी तेज गति से आ रहा है. बांध भी तेजी से भर रहा है. जल संसाधन विभाग ने बताया कि बांगो बांध का पूर्ण जलभराव क्षमता 359.66 मीटर है. उपरी क्षेत्र से तेजी गति से पानी आने से बांध 355.82 मीटर तक भर गया है, जो पूर्ण भराव का लगभग 88.76 फीसदी है. जैसे ही यह आंकड़ा 358 मीटर से 358.40 मीटर यानी 90 फीसदी तक पहुंचेगा. प्रबंधन की ओर से बांगो बांध का गेट खोला जाएगा और यह पानी हसदेव नदी में छोड़ा किया जाएगा.
पिछले वर्ष थी ऐसी स्थिति : पिछले साल अब तक बांध भर चुका था और हसदेव नदी में पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी. लेकिन इस बार बांध में पानी काफी कम था. रबी सीजन में बांध में पानी का भराव लगभग 25 फीसदी तक ही था. इससे कोरिया और कोरबा जिले में अच्छी बारिश से बांध में तेजी से जलभराव हो रहा है. बताया जा रहा है कि इस बार अच्छी बारिश से खेतों में सिंचाई के लिए किसान भी पानी की मांग पिछले वर्षों की अपेक्षा कम कर रहे हैं.
अंतिम 10 मीटर डैम के जलभराव क्षमता का 50 फीसदी : बांगो बांध में जलभराव के स्केल को देखे तो नीचे पानी भरने पर जलस्तर में ज्यादा फर्क नहीं पड़ता. यह कुल जलभराव क्षमता का 2.4 फीसदी ही होता है. लेकिन जैसे-जैसे बांध का पानी ऊपर की तरफ चढ़ता है, इसका दायरा और क्षेत्रफल बढ़ जाता है. 350 मीटर के बाद प्रत्येक मीटर जलभराव होने पर डैम का जलस्तर लिमिट के करीब बढ़ता जाता है. बांगो बांध की कुल जलभराव क्षमता 359 मीटर है. वर्तमान में यहां 349 मीटर जलभराव हो चुका है. इसलिए अब अंतिम 10 मीटर का जलभराव बांध की कुल जलराशि का लगभग 50 फीसदी होता है.





