कोरबा के 19वें कलेक्टर बने कुणाल दुदावत, कहा- आम लोगों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे

कोरबा: जिले के 19वें कलेक्टर के रूप में 2017 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया. पद संभालते ही कुणाल ने अधिकारियों से परिचयात्मक चर्चा की. इसके बाद शाम को प्रेस वार्ता को संबोधित किया.
कलेक्टर ने अपनी प्राथमिकताओं के विषय में स्पष्ट से जानकारी दी. नवपदस्थ कलेक्टर ने कहा कि डीएमएफ में पारदर्शिता और इसके सदुपयोग पर उनका फोकस रहेगा. डीएमएफ के कार्य की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करने की बात कही और कहा कि किस गांव में क्या काम हुआ, ये हर व्यक्ति देख सके, इसकी व्यवस्था की जाएगी. शासी परिषद की बैठकों को नियमित किया जाएगा.
प्रयास रहेगा कि डीएमएफ के सभी कार्यों में पूरी पारदर्शिता रहे. स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर काम हो, इसपर फोकस होगा. उन्होंने अवैध कार्यों पर लगाम कसने के लिए सूचना मिलने पर ठोस कार्रवाई करने की बात भी कही है. यह भी कहा कि आम लोगों के लिए उनका दरवाजा सदैव खुला रहेगा. किसी भी तरह की सूचना उन्हें सीधे दी जा सकती है.
कोंडागांव और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में दे चुके हैं सेवा
नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत इससे पहले छत्तीसगढ़ के कोंडागांव एवं दंतेवाड़ा जिलों में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वर्ष 2015 में उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा के लिए हुआ, साथ ही भारतीय वन सेवा में भी उनका चयन हुआ था. आईपीएस प्रशिक्षण के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी का तीसरा प्रयास दिया और 669वीं रैंक के साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए.
कुणाल दुदावत ने 11 दिसंबर 2017 को आईएएस सेवा जॉइन की, उनकी फील्ड ट्रेनिंग बिलासपुर जिले में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई. इसके बाद वे बिलासपुर जिले के कोटा अनुविभाग में एसडीएम, महासमुंद जिले के सरायपाली अनुविभाग में एसडीएम के रूप में पदस्थ रहे. बाद में उनकी नियुक्ति कोरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर हुई.
इसके बाद वे बिलासपुर नगर निगम आयुक्त एवं बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक के रूप में पदस्थ रहे. बिलासपुर के बाद उनकी पहली कलेक्टर पदस्थापना कोंडागांव जिले में हुई, इसके बाद वे दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे थे. वहां से स्थानांतरित होकर अब उन्होंने कोरबा जिले के कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला है.
अधिकारियों से ली विस्तृत जानकारी
कलेक्टर ने ई-ऑफिस के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जिन विभागों द्वारा अभी तक ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य नहीं किया जा रहा है, वे अनिवार्य रूप से एक जनवरी से इसका संचालन सुनिश्चत करते हुए फाइल को आगे बढ़ाये. उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशन में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण की स्थिति की जानकारी ली.
कलेक्टर दुदावत ने शासन के दिशा निर्देश के तहत प्रशासन गांव की ओर शिविर लगाने के संबंध में दिशा निर्देश देते हुए आमजनता को योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए. उन्होंने जिले में धान खरीदी की स्थिति, उपार्जन केंद्र में आवश्यक व्यवस्था, भौतिक सत्यापन, टोकन की व्यवस्था, गेट पास की जानकारी ली और निर्देशित किया कि धान खरीदी में किसानों को किसी भी प्रकार की समस्याएं न हो.
कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास में प्रशासन एक टीम के रूप में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं ईमानदारी से कार्य करते हुए आमजनों को लाभ पहुचाने की दिशा में कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि टीएल बैठक के साथ आगामी कुछ दिवस में सभी विभागों की समीक्षा बैठक करने की जानकारी देते हुए आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए.





